मोहम्मद अजीज ने बीच सड़क पर हिंदू नाबालिग से की छेड़छाड़, गुस्साई भीड़ ने जमकर बरसाए लात-घूँसे: सूरत पुलिस ने किया गिरफ्तार

गुजरात के सूरत में एक हिंदू नाबालिग लड़की के साथ मोहम्मद अजीज (49) ने बदसलूकी की, जिसके बाद भारी हंगामा हुआ। अलथान इलाके में शुक्रवार (24 अप्रैल 2026) रात को हिंदू नाबालिग ट्यूशन से घर लौट रही थी, तभी मोहम्मद अजीज ने घिनौनी हरकत की।

घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और हजारों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। पुलिस ने आरोपित मोहम्मद अजीज को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत सख्त केस दर्ज किया गया है।

शोर मचाने पर पकड़ा गया आरोपित

यह घटना रात करीब सवा आठ बजे अटलांटा मॉल के पास हुई। जब लड़की अपने घर जा रही थी, तब मोहम्मद अजीज ने उसका हाथ पकड़कर बदसलूकी करने की कोशिश की। लड़की ने बिना डरे जोर-जोर से शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग वहाँ पहुँच गए और आरोपित को रंगे हाथों पकड़ लिया। गुस्से में आई भीड़ ने आरोपित की जमकर पिटाई कर दी।

छेड़छाड़ की खबर फैलते ही इलाके में करीब 4,000 लोग जमा हो गए। जब पुलिस की गाड़ी आरोपित को ले जाने आई, तो भीड़ ने उसे वैन से खींच लिया और फिर पीटा। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से आरोपित को भीड़ से बचाया और थाने ले गई। थाने के बाहर भी लोगों ने जमकर नारेबाजी की और कड़ी सजा की माँग की।

पुलिस ने दी लाठीचार्ज की सफाई

हालात को काबू करने के लिए मौके पर 70 से 80 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। सोशल मीडिया पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज की खबरें उड़ी थीं, लेकिन पुलिस ने इसे गलत बताया है। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है। पीड़िता के परिवार को सुरक्षा के साथ घर भेज दिया गया है और मामले की आगे की जाँच की जा रही है।