छत्तीसगढ़ में गन्ने का जूस पीने वाली महिलाएँ-लड़कियाँ को गंदे इशारे करता था जॉनी खान, बैंकर ने अश्लील हरकतें करते बनाया वीडियो: पुलिस ने किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में महिलाओं को देख अश्लील हरकतें करने वाले आरोपित जॉनी खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जय स्तंभ चौक जैसे व्यस्त इलाके में स्थित अटल परिसर के गन्ना रस सेंटर पर आने वाली महिलाओं को वह लंबे समय से गंदे और अश्लील इशारे कर रहा था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उसकी इस हरकत से इलाके में असुरक्षा का माहौल बन गया था, लेकिन एक महिला बैंकर की सतर्कता ने पूरे मामले को उजागर कर दिया। महिला ने आरोपित की हरकतों को नजरअंदाज करने के बजाय उसका वीडियो बना लिया। बाद में उन्होंने यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए।

वीडियो सामने आने के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों और महिला समूहों ने कड़ा रुख अपनाया। बड़ी संख्या में महिलाएँ और संगठन के सदस्य बालोद थाने पहुँचे और आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जॉनी खान के खिलाफ मामला दर्ज किया।

शनिवार (25 अप्रैल 2026) को आरोपित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।