बेंगलुरु में कॉन्ग्रेस नेता आनंद नायडू को नाबालिग बच्चों के साथ बेरहमी और उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अन्नपूर्णेश्वरी नगर पुलिस ने बच्चों के बयानों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट और मारपीट की गंभीर धाराएँ लगाई हैं।
यह मामला तब सामने आया जब बच्चों ने अपनी माँ और नेता के बीच कथित संबंधों का विरोध किया, जिससे नाराज होकर आरोपित ने उन पर हमला कर दिया। पीड़ित बच्चों ने पुलिस को बताया कि आनंद नायडू ने उन पर लोहे की रॉड से हमला किया और उन्हें दाँतों से बुरी तरह काटा।
बच्चों के शरीर पर चोट के निशान और उनके बयानों ने आरोपित की क्रूरता को साफ कर दिया है। पुलिस अब शारीरिक शोषण और हिंसा, दोनों पहलुओं की गहराई से जाँच कर रही है। जाँच में यह भी पता चला है कि आरोपित और बच्चों की माँ ने मिलकर धोखाधड़ी से कुछ संपत्ति अपने नाम करा ली थी।
फिलहाल आरोपित पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि मासूमों के साथ हुई इस हैवानियत के मामले में कोई ढील नहीं दी जाएगी और आरोपित को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

