कहीं लाठी-रॉड चले तो कहीं EVM पर चिपकाया टेप… बंगाल में दूसरे फेज की वोटिंग के दौरान TMC के गुंडे जगह-जगह कर रहे हिंसा, BJP उम्मीदवार की गाड़ी तोड़ी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे फेज के लिए बुधवार (29 अप्रैल 2026) को 142 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। आँकड़ों के अनुसार, सुबह 11 बजे तक करीब 39.97% मतदान हो चुका है। हालाँकि, वोटिंग के बीच राज्य के अलग-अलग जिलों से हिंसा और हंगामे की डराने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं।

दक्षिण 24 परगना से लेकर हुगली तक, BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़पें हुई हैं। बता दें कि 2021 में इन सीटों पर TMC ने एकतरफा जीत हासिल की थी, जबकि इस बार पहले फेज में 23 अप्रैल को 93% बंपर वोटिंग हुई थी। चुनाव के नतीजे 4 मई को आएँगे।

बीजेपी कैंडिडेट की गाड़ी के तोड़े शीशे

दक्षिण 24 परगना जिले में सबसे ज्यादा तनाव देखा जा रहा है। यहाँ BJP उम्मीदवार विकास सरदार ने आरोप लगाया कि TMC के गुंडों ने उनकी कार पर हमला बोल दिया और पत्थरों से गाड़ी के शीशे चकनाचूर कर दिए। इतना ही नहीं, TMC के गुंडों ने विकास सरदार की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी से उसकी बंदूक छीनने तक की कोशिश की। इस हमले के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

महिला उम्मीदवार पर हमला और लाठी-रॉड की जंग

पानीहाटी से BJP उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने आपबीती बताते हुए कहा कि वह बूथ के अंदर सब ठीक देखकर बाहर निकल रही थीं। बाहर उन्होंने एक बीमार बुजुर्ग महिला की मदद के लिए किसी को कहा, तभी TMC के गुंडों ने उन्हें घेर लिया।

BJP उम्मीदवार रत्ना का आरोप है कि TMC के गुंडों ने उन पर हमला किया और उन्हें वहाँ से बाहर निकलने से रोकने की कोशिश की। वहीं, नादिया के छपरा में BJP कार्यकर्ता मोशर्रफ मीर ने आरोप लगाया कि उन पर TMC कार्यकर्ताओं ने लाठी और रॉड से हमला किया है।

हुगली में ‘नकली पोलिंग एजेंट’ पर भिड़े समर्थक

हुगली जिले के खानकुल में मतदान के दौरान तब अफरा-तफरी मच गई जब TMC और लेफ्ट समर्थित ISF के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। आरोप है कि बूथ नंबर 147 पर ‘नकली पोलिंग एजेंट’ बैठाए गए थे, जिसे लेकर दोनों गुटों में मारपीट हो गई। हालाँकि, मौके पर मौजूद सीआरपीएफ (CRPF) की महिला बटालियन की सब-इंस्पेक्टर उषा ने इसे छोटी घटना बताते हुए कहा कि अब वहाँ शांति है और वोटिंग जारी है।

EVM के बटन पर चिपकाया टेप, हावड़ा में पुलिस ने 2 को दबोचा

चुनाव में धांधली के भी गंभीर आरोप लग रहे हैं। डायमंड हार्बर की फलता विधानसभा सीट से BJP उम्मीदवार देवांगशु पांडा ने दावा किया कि कई बूथों पर EVM मशीन में बीजेपी के चुनाव चिन्ह वाले बटन पर टेप चिपका दिया गया था ताकि लोग कमल का बटन न दबा सकें।

उधर, हावड़ा के बाली में भी ईवीएम को लेकर हुए भारी हंगामे के बाद CRPF ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।

बीजपुर में निर्दलीय प्रत्याशी से मारपीट

हिंसा की लपटें बीजपुर तक भी पहुँचीं, जहाँ एक निर्दलीय प्रत्याशी और कांचरापाड़ा म्युनिसिपैलिटी के काउंसलर के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। मतदान के शुरुआती घंटों में ही इस तरह की हिंसा ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीजेपी समर्थक कई जगहों पर दोबारा चुनाव कराने की भी माँग कर रहे हैं।