पश्चिम बंगाल में मतगणना से ठीक पहले सियासी माहौल गरमा गया है। गुरुवार (30 अप्रैल 2026) की आधी रात मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद भवानीपुर के स्ट्रॉन्ग रूम (सखावत मेमोरियल स्कूल) पहुँच गईं और करीब 4 घंटे तक वहाँ रहीं। ममता ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और भाजपा मिलकर धांधली कर रहे हैं, वहीं आयोग ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे नियमानुसार प्रक्रिया बताया है।
ममता का स्ट्रॉन्ग रूम दौरा और ‘हाई वोल्टेज’ ड्रामा
ममता बनर्जी रात करीब 8 बजे अपने चुनावी एजेंट के साथ स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में दाखिल हुईं। रात 12:07 बजे बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया से कहा, “केंद्रीय बलों ने मुझे अंदर जाने से रोका। चुनाव आयोग पक्षपात कर रहा है और EVM लूटने की कोशिश हो रही है।”
ममता ने कसम खाते हुए कहा कि वे मरते दम तक धांधली नहीं होने देंगी। उनके साथ TMC नेताओं ने कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए धरना भी दिया।
चुनाव आयोग की सख्त सफाई: ‘कुछ भी गलत नहीं’
टीएमसी के आरोपों पर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज कुमार अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने साफ कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह सुरक्षित और सीलबंद हैं। आयोग के मुताबिक, जिस Video को आधार बनाकर हंगामा किया जा रहा है, वह असल में पोस्टल बैलेट की छंटनी की प्रक्रिया थी।
आयोग ने स्पष्ट किया कि सभी पार्टियों को इसकी सूचना पहले ही मेल के जरिए दे दी गई थी, लेकिन TMC के प्रतिनिधि वहाँ पहुँचे ही नहीं। आयोग ने दो टूक कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम के CCTV कभी बंद नहीं हुए और लाइव फुटेज सबको दिखाई जा रही है।
BJP ने रोका रास्ता, कहा- ‘ममता कर रही हैं ड्रामा’
इधर भवानीपुर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने TMC की एक गाड़ी को रोककर जमकर हंगामा किया। BJP समर्थकों का आरोप था कि गाड़ी में कुछ संदिग्ध सामान है और ममता बनर्जी चुनाव में धांधली करने के लिए ‘डुप्लीकेट मशीनें’ लाने की कोशिश कर रही हैं।
#WATCH | West Bengal Elections 2026 | Kolkata: BJP workers block the movement of a TMC vehicle in Bhabanipur assembly constituency.
— ANI (@ANI) April 30, 2026
One of them says, "There is something in the vehicle. Mamata Banerjee has brought something in her vehicle. The vehicle will not be allowed to… pic.twitter.com/iuawmsAqY7
BJP नेताओं ने ममता के स्ट्रॉन्ग रूम दौरे को ‘हार के डर से किया गया ड्रामा’ करार दिया। उन्होंने कहा कि जब हार सामने दिख रही है, तो ममता अब अफवाहें फैलाकर सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रही हैं।

