उप-चुनाव में भी BJP का जलवा, 4 सीटों पर दर्ज की जीत: अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा ने बनाया इतिहास, कॉन्ग्रेस को 2 सीटें

बीजेपी पश्चिम बंगाल और असम में ऐतिहासिक जीत की और बढ़ रही है। दोनों राज्यों में पार्टी ने चुनाव आयोग के आधिकारिक आँकड़ों में बहुमत को पार कर लिया है और दोनों ही राज्यों में बड़ी जीत की और बढ़ रही है। इसके अलावा पुद्दुचेरी में भी NDA ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा 5 राज्यों में हुए उप-चुनाव में भी बीजेपी का जलवा देखने को मिला है और पार्टी ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है।

गुजरात की उमरेठ विधानसभा सीट पर हुए उप-चुनाव में बीजेपी के हर्षदभाई गोविंदभाई परमार ने कॉन्ग्रेस के भृगुराजसिंह चौहाण को 30,000 से अधिक वोटों से हरा दिया है। हर्षदभाई को 85,371 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्विंदी कॉन्ग्रेस उम्मीदवार को 54,689 वोट मिले।

महाराष्ट्र की राहुरी विधानसभा सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार अक्षय करदिले ने NCP (SP) के उम्मीदवार मोकाते खांडू को करीब 1,12,000 वोटों से हरा दिया है। वहीं, महाराष्ट्र के बारामती में बीजेपी की सहयोगी NCP ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। महाराष्ट्र के पूर्व उप-मुख्यमंत्रि अजित पवार के निधन के बाद इस सीट पर उप-चुनाव हुआ था और उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार इस सीट पर NCP की उम्मीदवार थीं।

सुनेत्रा ने 2.18 लाख वोटों के अंतर से भारी जीत दर्ज की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे पहले देश में विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी जीत 2022 में UP के साहिबाबाद में सुनील कुमार शर्मा ने दर्ज की थी। वो 2.14 लाख वोटों के अंतर से दिखे थे।

नागालैंड के कोरीडाँग विधानसभा उप-चुनाव में बीजेपी के दाओचिएर आई. इमचेन (Daochier I. Imchen) ने जीत दर्ज की है। वहीं, त्रिपुरा की धर्मानगर सीट पर उप-चुनाव में बीजेपी के जाहर चक्रबर्ती ने जीत दर्ज की है। उप-चुनाव में कॉन्ग्रेस के हिस्से 2 सीटें आई हैं और पार्टी ने कर्नाटक की बागलकोट और दावन्गेरे दक्षिण सीट पर जीत दर्ज की है।