AMU के हॉस्टल में मच्छरदानी के चक्कर में पिट गया कश्मीरी, साथी छात्र ने कूटते हुए कहा- तुम्हारे हिस्से का मच्छर मुझे काटते हैं: यूनिवर्सिटी प्रशासन से की शिकायत

रात की नींद में अगर मच्छर अड़ंगा डाले तो इंसान को गुस्सा आ ही जाता है। लेकिन जब पास वाला मच्छरदानी लगाकर चैन से सो रहा हो, तो यह गुस्सा डबल हो जाता है। ऐसा ही कुछ अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में हुआ, जब एक ही कमरे में रहने वाले दो छात्र मच्छर को लेकर आपस में भिड़ गए।

जहाँ एक कश्मीरी छात्र का कहना है कि वह मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी लगाकर आराम की नींद ले रहा था, लेकिन उसकी पिटाई कर दी गई। वहीं पिटाई करने वाला गाजीपुर के छात्र का कहना है कि कश्मीरी छात्र उसका रूममेट है और ये मच्छरदानी लगाकर सोया था इसीलिए इसके हिस्से के मच्छर भी उसे काट रहे थे। यह मामला प्रॉक्टर ऑफिस तक पहुँच गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रॉक्टर ने हैरानी जताई कि एक मामूली सी बात को लेकर छात्र आपस में भिड़ गए। वहीं यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर नावेद अली खान ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घटना में शामिल एक छात्र बीए दूसरी वर्ष जबकि अन्य छात्र बीए तीसरी वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। फिलहाल यूनिवर्सिटी प्रशासन छात्रों से बातचीत कर मामला सुलझाने में लगा है।