पश्चिम बंगाल की बारानगर नगरपालिका के वार्ड नंबर-14 से ममता के TMC पार्षद शांतनु मजूमदार और उनके भाई सागर मजूमदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार (12 मई 2026) रात बैरकपुर पुलिस ने यह कार्रवाई रंगदारी वसूलने के आरोप में की।
आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, TMC पार्षद पर आरोप है कि उन्होंने एक महिला मकान मालिक को डराया और विवाद सुलझाने के नाम पर अवैध रूप से पैसे वसूले। पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर दोनों भाइयों को जेल भेज दिया है।
मामला एक फ्लैट से जुड़ा है। आरोप है कि शांतनु ने जबरन अपने परिचितों को महिला के घर में किरायेदार बनाकर रखा। फिर विवाद सुलझाने के नाम पर किश्तों में करीब 70,000 रुपए वसूले।
पीड़िता ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। शांतनु का पुराना रिकॉर्ड भी विवादित रहा है। उन पर पहले भी मारपीट और अशांति फैलाने के आरोप लग चुके हैं। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।

