आतंकी को घर बैठाकर खाना खिलाया, माला पहनाई, फोटो खिंचाकर दिया लॉजिस्टिक सपोर्ट: जम्मू कश्मीर में सरकारी टीचर मश्कूर मास्टर गिरफ्तार, पुलिस ने कहा- ऐसे लोगों को छोड़ेंगे नहीं

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में पुलिस ने मश्कूर अहमद उर्फ मश्कूर मास्टर नाम के सरकारी टीचर को गिरफ्तार किया है। वह बेगपोरा सिंहपोरा, चतरू का रहने वाला है और इंदरवाल जोन के प्राइमरी स्कूल गुजरारी में शिक्षक के तौर पर कार्यरत था। पुलिस ने उसे गैर-कानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि मश्कूर ने ही आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों को पनाह देने के साथ-साथ उन्हें खाना और दूसरी लॉजिस्टिक सहायता भी उपलब्ध कराई थी। जाँच में यह भी सामने आया कि जैश कमांडर सैफुल्लाह बलूची की एक तस्वीर आरोपित के घर के अंदर ली गई थी। तस्वीर में आतंकी के गले में नोटों की माला दिखाई दे रही थी।

बता दें कि सैफुल्लाह बलूची 22 फरवरी को चतरू में चलाए गए ऑपरेशन त्राशी-I के दौरान अपने 2 पाकिस्तानी आतंकियों के साथ मारा गया था। इसके बाद जाँच आगे बढ़ी तो तार मश्कूर से जुड़ते मिले। बाद में पड़ताल के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने इसे चतरू में आतंकवादी नेटवर्क की जाँच के दौरान पहली बड़ी गिरफ्तारी बताया है। साथ ही ये जानकारी भी दी है कि सुरक्षा कारणों से आरोपित को किश्तवाड़ जिले से बाहर की जेल में भेजा गया है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इलाके में सक्रिय ऐसे वर्कर्स और आतंकियों के मददगारों को छोड़ा नहीं जाएगा