हिंदू लड़के की फोटो दिखाकर इकरा खातून ने तय कराई शादी, बारात लेकर पहुँचा मुस्लिम युवक: असली पहचान सामने आने पर भड़के लोग, बिहार में 5 गिरफ्तार

बिहार के दरभंगा में एक शादी उस समय विवाद में बदल गई, जब लड़की पक्ष ने दूल्हे और बारातियों पर पहचान छिपाने और धोखाधड़ी का आरोप लगाकर शादी रुकवा दी।

लड़की की माँ और परिजनों का कहना है कि उन्हें हिंदू लड़के की फोटो दिखाकर रिश्ता तय कराया गया था, लेकिन शादी वाले दिन जो दूल्हा बारात लेकर पहुँचा, वह मुस्लिम था और उम्र में काफी बड़ा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी तय कराने वाली महिला इकरा खातून ने उन पर लगातार दबाव बनाया और ऑनलाइन 20 हजार रुपए देकर शादी कराने की कोशिश की।

लड़की की माँ का आरोप है कि उनकी बेटी की शादी करवाकर राजस्थान भेजने की तैयारी की जा रही थी। परिवार का कहना है कि बारात में सिर्फ 6 लोग आए थे, जिससे उन्हें पहले ही शक हुआ। लड़की वालों ने आरोप लगाया कि दलाल महिला ने फर्जी आधार कार्ड बनवाकर लड़के की पहचान बदलने की कोशिश की।

शादी तय कराने वाली महिला पर गंभीर आरोप, पुलिस जाँच में जुटी

मामले में आरोपित बताई जा रही इकरा खातून जाले की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि वह कई साल राजस्थान में रह चुकी है और वहीं उसकी पहचान लड़के पक्ष से हुई थी। आरोप है कि उसने लड़की की माँ को 50 हजार रुपए दिलाने का भरोसा देकर रिश्ता तय कराया था। लड़की पक्ष का कहना है कि उन्हें सिर्फ 20 हजार रुपए ऑनलाइन भेजे गए थे।

लड़की वालों ने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला पैसों के लेनदेन और शादी के नाम पर धोखाधड़ी से जुड़ा है। वहीं पंचायत में आधार कार्ड देखने के बाद कुछ लोगों ने लड़के के मुस्लिम होने से इनकार करते हुए कहा कि दस्तावेज में उसकी जाति महतो दर्ज है। घटना की सूचना मिलने के बाद जाले थाना पुलिस मौके पर पहुँची।

पुलिस ने बताया कि लड़की पक्ष की शिकायत पर 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क और शादी तय कराने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल मामले जाँच जारी है।