जबलपुर के सेंट एलायसिस स्कूल के कर्मचारियों पर ईसाई बनने का दबाव, धर्म परिवर्तन न करने पर नौकरी से निकाला: MP में सड़क पर उतरे हिंदू संगठन

मध्य प्रदेश के जबलपुर के सेंट एलायसिस स्कूल में महिला सफाई कर्मचारियों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगा है। महिलाओं का कहना है कि ईसाई मजहब अपनाने से इनकार करने पर उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया।

इस मामले में महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वहीं हिंदू धर्म सेना भी महिलाओं के समर्थन में उतर आई है और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

पीड़ित महिलाओं केमुताबिक स्कूल में हाल ही में आए फादर सोमी जैकब और कुछ अन्य स्टाफ ने कहा कि अगर स्कूल में काम करना है तो ईसाई मजहब अपनाना होगा, वरना नौकरी छोड़नी पड़ेगी।

आरोप है कि 3 से 4 महिला सफाई कर्मचारियों को इसी वजह से बाहर कर दिया गया। महिलाओं ने परिवार की जिम्मेदारियों का हवाला देकर नौकरी बचाने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।

शारदा विहार निवासी दीपा पटेल ने बताया कि वह 2024 से स्कूल में काम कर रही हैं। पहले सब सामान्य था, लेकिन नए फादर के आने के बाद चर्च आने और धर्म बदलने का दबाव बढ़ने लगा। दीपा का आरोप है कि मना करने पर उन्हें काम से निकाल दिया गया।

कंटगी निवासी राजेश बाल्मिक ने भी आरोप लगाया कि 12 साल काम करने के बाद उनसे धर्म परिवर्तन करने को कहा गया। मना करने पर दो महीने की सैलरी देकर नौकरी से हटा दिया गया। पुलिस ने कहा कि शिकायत की जाँच विजय नगर थाना प्रभारी को सौंपी गई है। जाँच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।