हमारी सरकार ने प्रदेश को माफिया-गुंडा मुक्त, दंगा-कर्फ्यू मुक्त बनाया: CM योगी, गोरखपुर में बोले- विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा UP

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार (16 मई 2026) को गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के प्रथम चरण के भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुँचे। संबोधन के दौरान उन्होंने बताया कि उनकी सरकार में यूपी को माफिया मुक्त, गुंडा मुक्त, दंगा मुक्त, कर्फ्यू मुक्त बनाकर डर का माहौल खत्म किया है।

सीएम योगी ने कहा, “सरकार के पास लेंड होगी तो इसका उपयोग लोक कल्याण में होगा और अगर सरकार के लेंड पर कोई कब्जा कर देगा, तो एक व्यक्ति विशेश का कब्जा हो करके वह वहाँ पर अपने तरीके से उसका उपयोग दुरुपयोग करेगा। इसलिए सरकारी भूमि लोक कल्याण के कार्य में विकास की दृष्टि से आगे बढ़नी चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा, “यही कारण है कि जब हम लोगों ने प्रदेश को माफिया मुक्त, गुंडा मुक्त, दंगा मुक्त, कर्फ्यू मुक्त बनाया है, तब अब उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है और जब विकास होता है, तो रोजगार का सृजन स्वतः स्फूर्तभाव के साथ वहाँ से होता है। ये विकास की प्रक्रिया उसी क्रम में चलने वाली प्रक्रिया का हिस्सा है।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर से वाराणसी जाने में पहले 4 से 5 घंटे लगते थे, लेकिन अब फोर-लेन कनेक्टिविटी के कारण यह दूरी मात्र ढाई घंटे में पूरी की जा सकती है। वहीं गोरखपुर से लखनऊ जाने में 8 घंटे का समय लगता था, लेकिन अब महज तीन घंटे में दोनों शहरों के बीच सफर पूरा हो रहा है।

अंत में उन्होंने कहा कि डबल इंजन की यह सरकार केवल दूरी ही नहीं घटाती, बल्कि बचा हुआ समय और गति लोगों के विकास और रोजगार सृजन में लगाती है।