सूरत की एक अदालत ने अप्रैल 2025 में ब्राह्मणों को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के मामले में फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने का आदेश दिया है। यह आदेश सूरत न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने सूरत के वकील और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कार्यकर्ता कमलेश रावल की शिकायत पर दिया।
शिकायत में कहा गया कि 16 अप्रैल 2025 को सोशल मीडिया पर अनुराग कश्यप की एक पोस्ट सामने आई थी, जिसमें उन्होंने ब्राह्मणों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। शिकायत के अनुसार, एक व्यक्ति ने उनकी पोस्ट का विरोध करते हुए उन्हें गाली दी, जिसके जवाब में अनुराग कश्यप ने फिर से अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
आरोप लगाया गया कि इस तरह की पोस्ट डालकर अनुराग कश्यप ने पूरे ब्राह्मण समाज का अपमान किया और उनके बयान से कई जातियों के बीच तनाव और दुश्मनी बढ़ने का खतरा पैदा हुआ। शिकायत में यह भी कहा गया कि पहली पोस्ट के बाद उन्होंने एक और पोस्ट की, जिससे उनकी सोच साफ दिखाई देती है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अनुराग कश्यप ने समाज का माहौल खराब करने और ब्राह्मणों को बदनाम करने की कोशिश की।
अदालत ने शिकायत और पेश किए गए दस्तावेजों की जाँच के बाद कहा कि पहली नजर में यह माना जा सकता है कि सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट समाज को बदनाम करने वाली प्रकृति की है। अदालत ने कहा कि उपलब्ध सबूतों के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई जरूरी है।
इसके बाद अदालत ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 352 और 353(2) के तहत अनुराग कश्यप के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने का आदेश दिया। इन धाराओं में समुदायों के बीच दुश्मनी बढ़ाने, शांति भंग करने के इरादे से अपमान करने और गलत जानकारी फैलाने जैसे आरोप शामिल हैं।
हालाँकि शिकायत में पुलिस आयुक्त से अनुराग कश्यप की गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की माँग भी की गई थी, लेकिन अदालत ने फिलहाल सिर्फ मामला दर्ज करने का आदेश दिया है।
विवाद क्या था?
पूरा विवाद अप्रैल 2025 में फिल्म फुले को लेकर शुरू हुआ था। उस समय महाराष्ट्र में कुछ ब्राह्मण संगठनों ने फिल्म का विरोध किया था। इसी मुद्दे पर अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट लिखा था।
बाद में एक सोशल मीडिया यूजर ने उनकी पोस्ट का मजाक उड़ाया, जिसके जवाब में अनुराग कश्यप ने विवादित टिप्पणी करते हुए लिखा, ब्राह्मण पे मू*गा, कोई प्रॉब्लम?
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भारी विवाद शुरू हो गया और कई लोगों ने उनकी आलोचना की। विवाद बढ़ने के बाद अनुराग कश्यप ने एक और पोस्ट करके माफी माँगी। उन्होंने कहा कि गुस्से में उन्होंने पूरी ब्राह्मण बिरादरी के बारे में टिप्पणी कर दी, जिससे कई लोगों की भावनाएँ आहत हुईं और इसके लिए वह माफी माँगते हैं।

