दिल्ली में बनाए गए 8 लाख पिंक स्मार्ट कार्ड: रेखा सरकार की पहल से महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को मिलेगा लाभ, CM बोलीं- आपकी सुरक्षा-सुविधा है हमारी प्राथमिकता

राजधानी दिल्ली में डीटीसी और क्लस्टर बसों में महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को मुफ्त सफर के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनाए जा रहे हैं। 18 मई 2026 तक 8 लाख से ज्यादा महिलाओं ने पिंक सहेली कार्ड बनवा लिए हैं। यह स्मार्ट कार्ड टैप-एंड-गो की तरह काम करता है। इसके बाद अब पिंक टिकट की व्यवस्था खत्म कर दी जाएगी। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने इस नई पहल को शुरू किया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें डिजिटल रूप से भी सशक्त बना रहा है।

बीजेपी सरकार ने कार्ड बनाने की प्रक्रिया को तेज करने के लिए रिहायशी इलाकों और सरकारी कार्यालयों में 73 विशेष कैंप शुरू किए हैं। इन कैंपों में महिलाओं और ट्रांसजेंडर नागरिकों का कार्ड आसानी से बनाया जा रहा है। सरकार ने कहा कि आने वाले समय में इन कैंपों की संख्या बढ़ाई जाएगी।