सिर काटकर फेंका तालाब में, हाथ-पाँव को बक्से में भरकर रेल में छोड़ा: हिंदू युवक से प्रेम करने पर अब्बू ने ही किए नाबालिग बेटी के 6 टुकड़े, UP पुलिस ने 3 को पकड़ा

लखनऊ के गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के अंदर संदूक में मिले धड़ की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह शव 15 साल की बेबी शब्बा का था। हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके सगे अब्बू बिग्गन अंसारी ने अपनी बहन और बहनोई के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने तीनों आरोपितों को कुशीनगर से गिरफ्तार कर लिया है।

रिपोर्ट के अनुसार, अब्बू बिग्गन अंसारी को शक था कि उसकी छोटी बेटी का किसी हिंदू युवक से अफेयर है। उसकी दो बड़ी बेटियाँ पहले ही हिंदू युवकों से शादी कर चुकी थीं। वह नहीं चाहता था कि तीसरी बेटी भी ऐसा करे।

जब बेटी नहीं मानी, तो उसने बहन नूरजहाँ और बहनोई मोजिबुल्ला के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। आरोपितों ने हत्या के लिए नया बांका खरीदा था। उन्होंने लड़की के शव को 6 टुकड़ों में काट दिया।

पहचान छिपाने के लिए सिर के टुकड़े कर तालाब में फेंक दिए। हाथ-पैर और धड़ को प्लास्टिक में लपेटकर एक बक्से में भरा। फिर ई-रिक्शा से तमकुहीरोड स्टेशन पहुँचे और बक्से को छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के कोच में रख दिया।

800 कैमरों ने खोला राज

जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने करीब 800 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। तमकुहीरोड स्टेशन के फुटेज में तीनों आरोपित बक्सा ले जाते दिखे। पुलिस ने जब अब्बू अंसारी को हिरासत में लेकर सख्ती की, तो उसने सब उगल दिया। पुलिस ने तालाब से सिर के हिस्से और हत्या में इस्तेमाल बांका भी बरामद कर लिया है।

आरोपित अब्बू पहले विदेश रहता था और अब ई-रिक्शा चलाता था। उसकी बड़ी बेटी खुशबू सालों से लापता है, जिसकी हत्या का शक भी अब गहरा गया है। दूसरी बेटी नरगिस हिंदू युवक के साथ घर से जा चुकी है। इसी गुस्से में उसने सबसे छोटी बेटी की जान ले ली।