उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में बकरीद के दिन एक 17 साल के हिंदू युवक सूर्या चौहान की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
इस खौफनाक हत्याकांड को असद और उसके दोस्तों नवाब, फरहान, आतिफ और सारिक ने अंजाम दिया है। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल है। मुख्य आरोपित असद फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
‘बकरा हलाल’ करने की बात कह किया ताबड़तोड़ हमला
इस खौफनाक वारदात के समय सूर्या के साथ मौजूद चश्मदीद दोस्तों ने खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि हमला करने से ठीक पहले आरोपितों ने सूर्या को अपने पास बुलाया। उन्होंने सूर्या से बेहद आक्रामक लहजे में पूछा, “क्या तुमने कभी बकरा हलाल होते देखा है?” यह कहते ही आरोपितों ने सूर्या पर बड़े-बड़े चाकुओं से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए और उसे तड़पा-तड़पा कर मार डाला।
मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक यह पूरा मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। आरोपितों ने साजिश के तहत सूर्या को फोन करके चौधरी स्कूल के पास वाली गली में बुलाया था। सूर्या जैसे ही वहाँ पहुँचा, आरोपितों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और धारदार हथियारों से टूट पड़े। मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर जब तक घरवाले पहुँचे, तब तक हत्यारे फरार हो चुके थे। परिजन सूर्या को अस्पताल ले गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
हिंदू संगठनों का फूटा गुस्सा, बुलडोजर चलाने की माँग
सूर्या की मौत की खबर आग की तरह फैलते ही पूरे खोड़ा क्षेत्र में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। भारी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। खोड़ा नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष रीना भाटी समेत कई प्रतिनिधियों ने आरोपितों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की माँग की। प्रदर्शन कर रहे गुस्साए लोगों ने माँग उठाई है कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले दोषियों के घरों पर तुरंत बुलडोजर चलाया जाए।
पुलिस ने दर्ज किया केस, मुख्य आरोपित असद की तलाश तेज
तनाव को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव के मुताबिक, परिजनों की तहरीर पर नामजद आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। फरार मुख्य आरोपित असद और उसके साथियों को दबोचने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

