Britain में उठी कृपाण बैन करने की माँग, 18 साल के छात्र की Sikh युवक ने की थी हत्या: जानें- ‘सिख फेडरेशन यूके’ ने क्या कहा

ब्रिटेन की एक अदालत ने 18 साल के यूनिवर्सिटी छात्र हेनरी नोवाक की हत्या के मामले में ब्रिटिश मूल के सिख युवक विक्रम सिंह डिगवा को दोषी करार दिया है। विक्रम ने छात्र पर 21 सेंटीमीटर लंबी कृपाण से हमला किया था। इस फैसले के बाद ब्रिटेन में धार्मिक आधार पर मिलने वाली छूट को खत्म कर सार्वजनिक जगहों पर कृपाण ले जाने पर पूरी तरह रोक लगाने की माँग तेज हो गई है।

माँ-बेटे दोनों दोषी करार

साउथेम्प्टन क्राउन कोर्ट की जूरी ने इस मामले में अपना फैसला सुनाया। कोर्ट ने विक्रम सिंह डिगवा को हत्या का दोषी पाया। वहीं, उसकी माँ किरण कौर को भी अपराध में मदद करने का दोषी माना गया है। किरण ने वारदात के बाद मौके से हत्या में इस्तेमाल हथियार (कृपाण) को छुपाने की कोशिश की थी। कोर्ट विक्रम को सोमवार को और उसकी माँ को 17 जुलाई को सजा सुनाएगा।

कृपाण को बैन करने की माँग, सिख फेडरेशन की सफाई

साउथेम्प्टन इट्चेन के सांसद डैरेन पाफे और सांसद रूपर्ट लोव ने सार्वजनिक जगहों पर कृपाण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की वकालत की है। उनका कहना है कि ‘धार्मिक’ या ‘पारंपरिक’ होने का हवाला देकर किसी की जान लेने की छूट नहीं दी जा सकती।

दूसरी तरफ, ‘सिख फेडरेशन यूके’ ने सफाई देते हुए कहा है कि कानून केवल धार्मिक कारणों से कृपाण रखने की इजाजत देता है। अगर इसका इस्तेमाल हिंसा के लिए किया जाता है, तो यह कानूनन एक खतरनाक हथियार ही माना जाएगा।

नस्लीय टिप्पणी का दावा निकला ‘सफेद झूठ’

वारदात के बाद आरोपित विक्रम ने दावा किया था कि छात्र ने उस पर नस्लीय टिप्पणी की थी। उसने उकसावे में आकर कदम उठाया। कोर्ट ने जाँच के बाद आरोपित के इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया। अदालत ने विक्रम के इस आरोप को एक ‘घिनौना झूठ’ करार दिया है।

पुलिस की कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना के बाद ब्रिटेन की पुलिस भी कटघरे में है। आरोप है कि जब घायल छात्र हेनरी जमीन पर तड़प रहा था, तब पुलिस ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बजाय उसके हाथों में हथकड़ी लगा दी।

छात्र आखिरी वक्त में ‘मैं सांस नहीं ले पा रहा हूँ’ चिल्लाता रहा। शैडो होम सेक्रेटरी क्रिस फिलप ने पुलिस के इस रवैए को ‘शर्मनाक’ बताया है। विपक्षी सांसदों ने अब पुलिस के बॉडी-कैमरा फुटेज को सार्वजनिक करने की माँग की है।

मस्क ने भी जताई नाराजगी, पुलिस ने माँगी माफी

इस पूरे विवाद पर टेक अरबपति एलन मस्क ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नाराजगी जताई है। मस्क ने कहा कि वह इस मामले में गलत तरीके से हुई मौत के खिलाफ मुकदमा लड़ने के लिए फंड देने को तैयार हैं। चौतरफा घिरने के बाद हैंपशायर पुलिस ने पीड़ित परिवार से सार्वजनिक माफी माँगी है। पुलिस ने मामले की स्वतंत्र जाँच कराने की बात कही है।