कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 6 जून 2026 को भारत लौटकर दिल्ली में प्रदर्शन करने की घोषणा की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो संदेश में दिपके ने छात्रों, युवाओं और अपने समर्थकों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।
दिपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की माँग उठाते हुए कहा है कि परीक्षा संबंधी विवादों और कथित अनियमितताओं के कारण लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं।
Important announcement:
— Cockroach is Back (@Cockroachisback) June 1, 2026
CJP Founder @abhijeet_dipke will return to India on June 6 for a peaceful protest at Jantar Mantar, Delhi, demanding the resignation of the Education Minister. pic.twitter.com/x9M1v38Pwu
वीडियो में अभिजीत दिपके ने कहा, “अब वक्त आ गया है कि हम सब एक साथ आएँ। संविधान के रास्ते पर चलते हुए शांति से अपनी बात रखें और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की माँग करें। अगर हम मिलकर बोलेंगे तो सरकार को सुनना ही पड़ेगा।”
उन्होंने बताया कि वह 6 जून की सुबह दिल्ली पहुँचेंगे और समर्थकों से एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने का अनुरोध किया। इसके बाद वे संसद मार्ग थाना जाकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति माँगेंगे। दिपके का कहना है कि नीट परीक्षा विवाद और पेपर लीक जैसे मामलों ने छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है, इसलिए जवाबदेही तय होना आवश्यक है।
उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे पर लाखों लोगों ने ऑनलाइन समर्थन दिया है और देशभर में छात्र विरोध दर्ज करा रहे हैं। दिपके ने यह भी कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक दायरे में होगा और उन्हें भारतीय लोकतंत्र और संविधान पर पूरा भरोसा है।

