जब भी दुनिया की टॉप खुफिया एजेंसियों की चर्चा होती है तो उसमें इजरायल की मोसाद का नाम टॉप और सबसे खतरनाक एजेंसियों में आता है। अब इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद को नया प्रमुख मिल गया है। मंगलवार (2 जून 2026) को मेजर जनरल रोमन गोफमैन ने मोसाद के 14वें निदेशक के रूप में शपथ ली।
उनकी नियुक्ति को लेकर पिछले कई महीनों से कानूनी विवाद चल रहा था लेकिन इजरायल की हाई कोर्ट ने सभी याचिकाएँ खारिज कर दीं, जिसके बाद उनके लिए पदभार संभालने का रास्ता साफ हो गया। गोफमैन ने निवर्तमान प्रमुख डेविड बार्निया की जगह ली है।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गोफमैन की जमकर तारीफ की और कहा कि अब उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी ईरान से पैदा होने वाले खतरे का मुकाबला करना है। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल, ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा और न ही उसे देश की सुरक्षा के लिए खतरा बनने देगा।
ईरान के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने का संकेत
शपथ ग्रहण समारोह में नेतन्याहू और गोफमैन दोनों ने ईरान को लेकर कड़ा रुख दिखाया। नेतन्याहू ने दावा किया कि ईरानी शासन की बुनियाद कमजोर हो चुकी है और उसका पतन तय है। उन्होंने कहा कि जो भी इजरायल को नुकसान पहुँचाने की कोशिश करेगा, उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
वहीं, गोफमैन ने कहा कि हाल के वर्षों में ईरान और उसके सहयोगी संगठनों के खिलाफ इजरायल की सैन्य कार्रवाइयों ने पूरे क्षेत्र में शक्ति संतुलन बदल दिया है। हालाँकि उन्होंने यह भी कहा कि मिशन अभी पूरा नहीं हुआ है और मोसाद गुप्त अभियानों के जरिए अपने लक्ष्यों पर काम जारी रखेगा।
कौन हैं रोमन गोफमैन?
रोमन गोफमैन इजराइल रक्षा बल (IDF) के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं और हाल तक प्रधानमंत्री नेतन्याहू के सैन्य सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनका जन्म तब के सोवियत संघ और आज के बेलारूस में हुआ था। बाद में वे इजरायल आकर सेना में शामिल हुए। नेतन्याहू ने उन्हें एक साहसी और अनुभवी सैन्य अधिकारी बताया है।
7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के दौरान गोफमैन अपने घर से दक्षिणी इजरायल की ओर रवाना हुए थे। रास्ते में उनकी मुठभेड़ हमास आतंकियों से हुई, जिसमें उन्होंने कई आतंकियों को मार गिराया लेकिन खुद गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इलाज के बाद वे फिर सेवा में लौटे। नेतन्याहू के अनुसार गोफमैन की नेतृत्व क्षमता, रणनीतिक सोच और सुरक्षा मामलों की समझ उन्हें मोसाद प्रमुख की जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बनाती है।

