केरल के तिरुवनंतपुरम से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक डेढ़ साल के मासूम बच्चे अर्शिद की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हैवानियत का खौफनाक खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चे के शरीर पर चोट के 91 गंभीर निशान मिले हैं। माँ के लिव-इन पार्टनर अश्कर ने बच्चे की बेरहमी से पिटाई की थी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित अश्कर और बच्चे की माँ अखिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पसली टूटी, सिगरेट से जलाया
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, मासूम के सिर और छाती पर गंभीर चोटें थीं। आरोपित ने बच्चे के सीने पर पैर रखकर कुचला था, जिससे उसकी 7 पसलियाँ टूट गईं और अंदरूनी अंगों को नुकसान पहुँचा। बच्चे के नाजुक अंगों और पैर के तलवे पर सिगरेट लाइटर से जलाने के निशान भी मिले हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपित अश्कर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह बच्चे को अपने रास्ते का कांटा समझता था। वह पिछले एक महीने से उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था। बच्चा जब रोता था, तो उसकी आवाज दबाने के लिए वह उसके मुँह में कपड़ा ठूँस देता था।
माँ को सब पता था, सोशल मीडिया पर खुली पोल
जाँच में सामने आया कि मासूम के दोनों हाथ पहले से ही टूटे हुए थे और उन पर प्लास्टर चढ़ा था। माँ और आरोपित पड़ोसियों से झूठ बोलते थे कि बच्चा साइकिल से गिर गया है। पुलिस के मुताबिक, 24 वर्षीय माँ अखिला को इस पूरे टॉर्चर की जानकारी थी, लेकिन उसने अपने बच्चे को बचाने की कोई कोशिश नहीं की। इसलिए पुलिस ने माँ को भी सह-आरोपित बनाया है।

