सूर्या के एक और हमलावर को गाजियाबाद पुलिस ने दबोचा, ₹25000 का ईनामी सारिक मेवाती गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बुधवार (3 जून 2026) को मामले के चौथे आरोपित सारिक मेवाती को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद से फरार चल रहे सारिक मेवाती पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब हत्या से जुड़े बाकी पहलुओं और उसके आपराधिक इतिहास की भी जाँच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सूर्या चौहान हत्याकांड की जाँच में सामने आया था कि इस हमले में असद, नवाब, फरहान, अतीक और सारिक मेवाती समेत कई लोग शामिल थे। घटना के बाद मुख्य आरोपित असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। वहीं, उसके पिता नवाब, फरहान और अतीक को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद से सारिक मेवाती लगातार फरार चल रहा था जिसकी तलाश में पुलिस कई जगह दबिश दे रही थी।

खोड़ा पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर सारिक की तलाश कर रही थी। इसी बीच बुधवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इंदिरापुरम अंडरपास के पास नहर पटरी इलाके में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सारिक मेवाती खोड़ा कॉलोनी के नवनीत विहार का रहने वाला है जबकि उसका मूल निवास अलीगढ़ जिले के छर्रा क्षेत्र में बताया गया है।

पुलिस पूछताछ में सारिक मेवाती ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि उसने अपने साथियों असद, फरहान, अतीक और असद के पिता नवाब के साथ मिलकर सूर्या चौहान पर चाकुओं से हमला किया था। पुलिस अब उससे घटना के पीछे की पूरी साजिश, अन्य लोगों की भूमिका और उसके संभावित आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

इससे पहले बुधवार को ही मीडिया से बात करते हुए सूर्या की माँ ने कहा था कि उनका इंसाफ अभी पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, “अभी केवल एक का एनकाउंटर हुआ है जबकि 6 बाकी हैं। उन 6 आरोपितों का भी एनकाउंटर होना चाहिए। साथ ही इन सातों के घरों पर बुलडोजर चलना चाहिए। हमें पुलिस विभाग पर पूरा भरोसा है कि न्याय जरूर मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी भरोसा है कि वो न्याय जरूर देंगे।”