राजस्थान के अलवर जिले में धर्मांतरण के आरोप को लेकर गुरुवार (4 जून 2026) को जमकर हंगामा हुआ। अखेपुरा थाना क्षेत्र की तंवर कॉलोनी में एक घर में ईसा मसीह से जुड़ी प्रार्थना सभा चल रही थी तभी सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ता वहाँ पहुँच गए। VHP कार्यकर्ताओं ने घर में घुसकर पादरी को बाहर निकाला। हंगामे के बीच पादरी के साथ मारपीट भी हुई और उसके कपड़े फाड़ दिए गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, VHP के प्रांत संयोजक प्रेम सिंह राजावत ने दावा किया कि संगठन को पहले से सूचना मिल रही थी कि तंवर कॉलोनी के एक घर में धर्मांतरण कराया जा रहा है। उनके मुताबिक, मौके से मजहबी साहित्य, प्रार्थना से जुड़ी किताबें और मोबाइल में धार्मिक गतिविधियों से जुड़े वीडियो मिले हैं।
सभा में मौजूद नितिन नाम के एक व्यक्ति ने बताया कि घर में ईसा मसीह का पाठ कराया जा रहा था और दावा किया जा रहा था कि प्रार्थना से बीमारियाँ दूर हो सकती हैं। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं से दूर रहने की बातें भी कही जा रही थीं। पूछताछ में पादरी राजकुमार ने खुद को दिल्ली निवासी बताया। उसने कहा कि वह पिछले 4-5 वर्षों से अलवर आता रहा है और धार्मिक पाठ करवाता है। पूछताछ में उसने करीब 15 लोगों का धर्म परिवर्तन कराने की बात कही।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और पादरी को हिरासत में ले लिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने आरोपित को पैदल ले जाने की माँग करते हुए पुलिस वाहन का विरोध किया। बाद में पुलिस के समझाने के बाद स्थिति शांत हुई। अखेपुरा थाना प्रभारी महेश ने कहा कि संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेकर मामले की जाँच की जा रही है।

