BJP से इस्तीफा देकर के अन्नामलाई ने बनाई नई पार्टी, ‘वी द लीडर्स’ रखा आंदोलन का नाम: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ने की कही बात

तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई ने राजनीति में एक नया धमाका किया है। उन्होंने ‘वी द लीडर्स’ (We The Leaders) नाम से एक नए राजनीतिक आंदोलन की शुरुआत की है। के अन्नामलाई ने साफ कहा है कि आगे चलकर यह संगठन एक राजनीतिक पार्टी बनेगा और तमिलनाडु का अगला विधानसभा चुनाव भी लड़ेगा।

के अन्नामलाई ने शुक्रवार (5 जून 2026) को सोशल मीडिया पर इस नए सफर का ऐलान किया। उनका मकसद सिर्फ एक नई पार्टी बनाना नहीं है। वह राजनीति के लिए ईमानदार और नए नेता तैयार करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने ‘APJ अब्दुल कलाम सेंटर फॉर एथिक्स एंड पॉलिटिक्स’ बनाने की भी घोषणा की है।

पंचायत से लेकर विधानसभा चुनाव तक की तैयारी

के अन्नामलाई ने अपने समर्थकों से इस नए आंदोलन से जुड़ने की अपील की है। इसके लिए सदस्यता अभियान भी शुरू कर दिया गया है। इस संगठन के कार्यकर्ताओं को सबसे पहले स्थानीय निकाय (पंचायत और नगरपालिका) चुनावों में उतारा जाएगा। इसके बाद पूरी तैयारी के साथ पार्टी विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरेगी।

के अन्नामलाई ने अपने आंदोलन की सोच को साफ किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में हमेशा तमिल और भारतीय पहचान को एक-दूसरे का विरोधी दिखाया गया है, जो कि गलत है। उन्होंने खुद को ‘भारतीय पहचान वाला एक गर्वित तमिल’ बताया। वह तमिलनाडु के हितों की रक्षा करते हुए देश के विकास में राज्य को सबसे आगे ले जाना चाहते हैं।

भाजपा से क्यों अलग हुए रास्ते?

के अन्नामलाई ने माना कि पिछले 18 महीनों से कई मुद्दों पर उनके और भाजपा के बीच मतभेद चल रहे थे। उन्होंने बहुत पहले ही पार्टी नेतृत्व को अपने इस फैसले के बारे में बता दिया था। हालाँकि, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना पूरा सम्मान जताया है। उन्होंने कहा कि वह केवल तमिलनाडु के हितों के लिए अलग रास्ता चुन रहे हैं।

सुपरस्टार रजनीकांत से जुड़ा बड़ा खुलासा

के अन्नामलाई ने युवाओं को राजनीति में लाने पर सबसे ज्यादा जोर दिया है। उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि साल 2020 में भाजपा में शामिल होने से पहले सुपरस्टार रजनीकांत ने उनसे बात की थी। रजनीकांत ने उन्हें अपने साथ आने का सुझाव दिया था। पूर्व IPS अधिकारी अन्नामलाई 2020 में भाजपा में आए थे और वह वहाँ के सबसे बड़े चेहरों में से एक थे।

उन्होंने यह भी खुलासा किया कि सुपरस्टार रजनीकांत ने 2020 में भाजपा में शामिल होने से पहले उनसे बातचीत की थी और उन्हें अपने साथ आने का सुझाव भी दिया था। अन्नामलाई ने कहा कि उस समय उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया था, लेकिन रजनीकांत के प्रति उनका सम्मान आज भी कायम है।