मध्य प्रदेश के धार जिले में जामा मस्जिद के सदर (मुख्या) के बेटे सलमान खान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। इंदौर के अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपित सादीक, सईद, सलीम और सलाम को जेल भेज दिया है। फरार आरोपित मुजाहिद और नौशाद की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, पूरा विवाद मस्जिद के सफाईकर्मी नौशाद को काम से हटाने को लेकर हुआ था। 30 मई को जब सदर शमशुद्दीन पटेल नमाज पढ़ने जा रहा था, तभी बदमाशों ने उसे घेर लिया। अपनी जान बचाने के लिए शमशुद्दीन भागकर मस्जिद में छिप गया।
बेटों पर लाठी-डंडों और बैट से हमला
सदर ने अपने बेटों सलमान और भूरा को मदद के लिए बुलाया था। दोनों जैसे ही मौके पर पहुँचे, घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों और क्रिकेट बैट से जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में सलमान को गंभीर चोटें आई थीं। मृतक के अब्बू ने आरोपितों को देशद्रोही बताते हुए उनके मकानों पर बुलडोजर चलाने की माँग की है।

