नागपुर की दरगाह में हिंदू महिला को बंधक बनाकर धर्मांतरण की कोशिश, विरोध करने पर क्रिकेट बैट से जानलेवा हमला: खादिम तनवीरुद्दीन समेत 3 अरेस्ट

महाराष्ट्र के TCS नासिक कांड के बाद अब महाराष्ट्र के नागपुर जिले में जबरन धर्मांतरण, बंधक बनाकर मारपीट और हत्या के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। पश्चिम बंगाल की एक हिंदू महिला की शिकायत पर कन्हान पुलिस ने अम्मा की दरगाह से जुड़े छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

मामले में दरगाह के मुख्य खादिम ताजी तनवीरुद्दीन, उसके बेटे ताजी मुस्ताफिजुद्दीन और सहयोगी तेजस खोबरागड़े को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो महिलाओं समेत तीन अन्य आरोपित अभी फरार हैं। आरोप है कि महिला को दरगाह परिसर में बंधक बनाकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया।

धर्मांतरण के विरोध पर क्रिकेट बैट, बेलन और चप्पलों से पिटाई, हत्या की कोशिश का आरोप

जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसकी हत्या का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और पिछले तीन-चार वर्षों से नागपुर ग्रामीण क्षेत्र के पारशिवनी स्थित प्रसिद्ध अम्मा की दरगाह में आयोजित उर्स कार्यक्रम में शामिल होने आती रही थी।

आरोप है कि इस वर्ष अप्रैल में उर्स के दौरान उसे निशाना बनाया गया। महिला का कहना है कि 18 और 19 अप्रैल की रात उसे दरगाह परिसर में एक कमरे में उसकी इच्छा के विरुद्ध रोका गया और हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम स्वीकार करने का दबाव बनाया गया। शिकायत में दावा किया गया है कि उससे जबरन कलमा पढ़वाने और बुर्का पहनने के लिए कहा गया।

जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि धर्मांतरण से इनकार करने पर उसे क्रिकेट बैट, बेलन और चप्पलों जैसी वस्तुओं से पीटा गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों ने उसका गला दबाकर जान लेने की कोशिश की।

किसी तरह आरोपितों के कब्जे से निकलने के बाद वह पश्चिम बंगाल लौटने में सफल रही। वहाँ पहुँचकर उसने इलाज कराया और स्थानीय पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत सौंपी। महिला का आरोप है कि उसके साथ लगातार प्रताड़ना, धमकी और दबाव का माहौल बनाया गया था।

कोलकाता में दर्ज हुई जीरो FIR, SIT कर रही जाँच

घटना नागपुर के कन्हान थाना क्षेत्र से जुड़ी होने के कारण सबसे पहले पश्चिम बंगाल के दमदम थाने में जीरो FIR दर्ज की गई। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत मामला नागपुर ग्रामीण पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया। शिकायत मिलने पर कन्हान पुलिस ने एक टीम को कोलकाता भेजकर पीड़िता के बयान दर्ज किए और जाँच शुरू की।

पुलिस ने 29 मई को ताजी तनवीरुद्दीन कलीमुद्दीन (52), ताजी मुस्ताफिजुद्दीन तनवीरुद्दीन (24) और तेजस आनंद खोबरागड़े (24) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास, अवैध बंधक बनाने, मारपीट और कथित जबरन धर्मांतरण सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

जाँच के दौरान कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जाँच की जा रही है। मामले में विशेष जाँच दल (SIT) गठित की गई है और पुलिस तीन फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।