‘लव के बाद अब फ्रेंड जिहाद’: गुजरात के राजकोट में धीरेंद्र शास्त्री का बयान, बोले- हिंदुओं को संगठित और जागरूक रहने की जरूरत

गुजरात के राजकोट में आयोजित हनुमंत कथा के दौरान धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदुओं से संगठित और जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में लव जिहाद, लैंड जिहाद और थूक जिहाद के बाद अब फ्रेंडशिप जिहाद जैसा नया ट्रेंड सामने आ रहा है।

इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से जुड़े सूर्या हत्याकांड का जिक्र करते हुए दावा किया कि दोस्ती के नाम पर युवक को धोखे से मौत के घाट उतार दिया गया।

मीडिया से बातचीत में शास्त्री ने कहा कि वे किसी धर्म या समुदाय के विरोधी नहीं हैं, बल्कि समाज को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दक्षिण गुजरात के धर्मांतरण मामलों पर भी चिंता जताई और कहा कि लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने भविष्य में इस विषय पर जागरूकता अभियान चलाने की भी बात कही।

तकनीक पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की चर्चा कर रही है, लेकिन भारत को AI के साथ HI यानी हिंदू इंटेलिजेंस की भी जरूरत है। वहीं उन्होंने आर्थिक रूप से सक्षम लोगों से जरूरतमंद हिंदुओं को रोजगार देने और समाज के भीतर सहयोग बढ़ाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की और बागेश्वर धाम में बनने वाले कैंसर अस्पताल को लेकर उनके सहयोग का उल्लेख किया।