अमेरिका में मास शूटिंग में 12 घायल, 2 की हालत गंभीर: कार्यक्रम के दौरान हुई गोलीबारी, हमलावरों की तलाश जारी

अमेरिका के ओहायो में एक कम्युनिटी फेस्टिवल के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल के पास अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। इस घटना में कम से कम 12 लोग घायल हो गए हैं।

जिनमें से दो की हालत गंभीर है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जाँच में ऐसा लग रहा है कि कम से कम दो लोगों ने एक-दूसरे पर गोलियाँ चलाईं, जिसकी चपेट में कई आम लोग आ गए।

घटना शनिवार (6 जून 2026) की शाम करीब 5:30 बजे की है। फेस्टिवल में बड़ी संख्या में लोग लाइव म्यूजिक, खाने-पीने के स्टॉल, शॉपिंग और अन्य गतिविधियों का आनंद ले रहे थे।

तभी गोलियों की आवाज सुनते ही लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।  गोलीबारी के बाद कई लोग जमीन पर लेट गए। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।

आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और घटनास्थल से मिले सबूतों की जाँच की जा रही है। पुलिस ने अभी तक हमलावरों की पहचान या गोलीबारी के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है।