तेलंगाना के रहने वाले 28 वर्षीय भारतीय युवक अंशुल कुंचा की अमेरिका के फिलाडेल्फिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई। अंशुल एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत थे और वीकेंड में पार्ट-टाइम पिज्जा डिलीवरी का काम भी करते थे। आरोप है कि उन्हें एक फर्जी पिज्जा ऑर्डर के जरिए सुनसान इलाके में बुलाया गया, जहाँ हमलावरों ने उन पर गोलियाँ चला दीं।
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और अंशुल के परिवार के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
We are deeply saddened by the untimely demise of Mr. Anshul Kuncha, an Indian national in Philadelphia, PA.
— India in New York (@IndiainNewYork) June 6, 2026
Our thoughts and heartfelt condolences to his family during this difficult time. The Consulate is in touch with Anushul’s family and is extending all possible assistance.…
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार (6 जून 2026) रात अंशुल को एक डिलीवरी ऑर्डर मिला था। जब वह निर्धारित पते पर पिज्जा पहुँचाने पहुँचे तो वहाँ कोई ग्राहक मौजूद नहीं था। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियाँ चला दीं। अंशुल के सिर में कई गोलियाँ लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गए। परिजनों के मुताबिक, घटना के समय इलाके में बैग लिए दो नकाबपोश संदिग्धों को देखा गया था। अंशुल की बहन तन्वी ने आरोप लगाया कि यह डिलीवरी ऑर्डर दरअसल एक चाल थी, जिसका उद्देश्य केवल उनके भाई की हत्या करना था। परिवार ने निष्पक्ष जाँच की माँग की है।

