क्यों इंटरव्यू के बीच से ही भागे डोनाल्ड ट्रंप? मीडिया को बताया ‘बेईमान’: जानें चुनावों में धाँधली को लेकर US राष्ट्रपति के दावे

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 07 जून 2026 को NBC चैनल का इंटरव्यू बीच में ही छोड़ दिया। ये कैलिफोर्निया और 2020 में राष्ट्रपति चुनावों के दौरान हुई धाँधली के उनके दावों को लेकर पत्रकार क्रिस्टन वेल्कर से तीखी बहस के बाद हुआ। इस दौरान ट्रंप ने वेल्कर, NBC और तमाम मीडिया संस्थान पर ‘बेईमान’ होने का आरोप लगाया और बातचीत अचानक खत्म कर दी।

जब इंटरव्यू के बीच आपा खो बैठे ट्रंप

रिपोर्ट्स के अनुसार, जब पत्रकार क्रिस्टन वेल्कर ने डोनाल्ड ट्रंप से उनके उस दावे के सबूत माँगे कि कैलिफोर्निया में गवर्नर चुनाव के नतीजे कई दिनों तक घोषित नहीं हो पाए क्योंकि ‘चुनाव में धाँधली हो रही है’ तो ट्रंप नाराज हो गए। जब वेल्कर ने उनसे सबूत दिखाने को कहा तो ट्रंप ने जवाब दिया, “मुझे सिर्फ देखकर ही समझ आ जाता है।” उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मतदान के कई दिनों बाद तक चुनाव का फैसला न होना क्या सही है?

वेल्कर ने कहा कि अदालतों और चुनाव अधिकारियों ने ट्रंप के इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। यह बात सुनकर ट्रंप और गुस्सा हो गए। उन्होंने वेल्कर से कहा, “वे लोग बेईमान हैं और आप भी बेईमान हैं। आपका मीडिया बेईमान है और ‘मीट द प्रेस’ भी बेईमान है।”

वेल्कर ने इंटरव्यू जारी रखने की कोशिश की और कहा कि वह बेईमान नहीं हैं। लेकिन ट्रंप बातचीत जारी रखने के मूड में नहीं थे। उन्होंने कहा, “या तो आप बेईमान हैं या फिर मूर्ख हैं।”
ट्रंप ने यह भी कहा कि चुनावों के मामले में अमेरिका को ‘तीसरी दुनिया के देश’ की तरह चलाया जा रहा है। उन्होंने NBC, ABC, CBS, CNN समेत कई मीडिया संस्थानों पर एकतरफा रिपोर्टिंग करने का आरोप लगाया।

अचानक उठ खड़े हुए ट्रंप

इसके बाद ट्रंप ने कहा कि अब वह इंटरव्यू खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “माफ कीजिए, अब यहीं खत्म करते हैं। मैंने काफी बात कर ली है। धन्यवाद, डार्लिंग। आपका दिन अच्छा रहे।” इतना कहकर वह वहाँ से चले गए।

वेल्कर ने उन्हें रुकने के लिए मनाने की कोशिश की और याद दिलाया कि वह इस इंटरव्यू के लिए खास तौर पर विस्कॉन्सिन आई हैं। लेकिन ट्रंप ने कहा कि वह पहले ही बारिश में उनके साथ काफी समय बिता चुके हैं और उन्हें पर्याप्त समय दे चुके हैं।

जाते-जाते ट्रंप ने मीडिया पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “आपको अपने मीडिया को सुधारना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, “बेईमान मीडिया के साथ कोई भी देश कभी महान नहीं बन सकता।”

इंटरव्यू के बीच क्यों हुआ विवाद?

चुनावों में धाँधली के आरोप ही ट्रंप और वेल्कर के बीच विवाद का एकमात्र मुद्दा नहीं थे। इंटरव्यू के दौरान इससे पहले भी दोनों के बीच कई सवालों पर मतभेद देखने को मिले। वेल्कर ने ट्रंप से यह भी पूछा कि 6 जनवरी को कैपिटल भवन में हुए दंगे के दौरान पुलिस अधिकारियों पर हमला करने के आरोप में दोष स्वीकार कर चुके लोगों को क्या उनके प्रस्तावित ‘एंटी-वेपनाइजेशन फंड’ के तहत मुआवजा मिलना चाहिए।

ट्रंप ने इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने केवल इसलिए दोष स्वीकार कर लिया था क्योंकि उन्हें डर था कि अगर वे ऐसा नहीं करते तो उन्हें और लंबी जेल की सजा मिल सकती थी।

यह इंटरव्यू एक बार फिर अमेरिकी मुख्यधारा के मीडिया के प्रति ट्रंप के रवैये को सामने लेकर आया है। ट्रंप लंबे समय से कई अमेरिकी मीडिया संस्थानों पर पक्षपातपूर्ण, बेईमान और राजनीतिक रूप से उनके खिलाफ काम करने का आरोप लगाते रहे हैं।

इंटरव्यू को बीच में छोड़कर चले जाने के उनके फैसले ने मीडिया के साथ उनकी पुरानी टकराव की कहानी में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। ट्रंप का दावा रहा है कि देश के कई बड़े समाचार नेटवर्क ‘फर्जी खबरें’ दिखाते हैं और उनके खिलाफ एकतरफा रिपोर्टिंग करते हैं।