लखनऊ में इरशाद ने की हिंदू युवती की किडनैपिंग, सीरिया ले जाने की देता था धमकी: जुबैर ने पहचान छिपा दूसरी पीड़िता पर बनाया कलमा-नमाज का दबाव, FIR दर्ज

लखनऊ के PGI क्षेत्र में इरशाद अली द्वारा एक हिंदू युवती को सीरिया ले जाने की धमकी देने, बाद में किडनैप कर धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है। SGPGI आवासीय परिसर में रहने वाले परिवार ने पुलिस से अपनी 21 वर्षीय बेटी के गायब होने की शिकायत की है।

परिजनों के मुताबिक, युवती 21 मई को नौकरी के सिलसिले में तेलीबाग गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। परिवार ने इरशाद अली नाम के युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इरशाद का परिवार से पहले से परिचय था और वह घर आता-जाता था।

परिजनों का आरोप है कि उसने राखी बंधवाकर विश्वास जीतने के बाद युवती को परेशान करना शुरू कर दिया था। परिवार का दावा है कि आरोपित ने युवती की अश्लील तस्वीरें भी बना ली थीं और विरोध करने पर उसे सीरिया भेजने की बातें करता था। मामले में एक डॉक्टर पर भी आरोपित की मदद करने के आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस ने शिकायत दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जाँच की जा रही है।

जुबैर ने हिंदू युवती पर कलमा-नमाज अदा करने का बनाया दबाव

वहीं लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में भी धर्मांतरण का ही एक अन्य मामला सामने आया है। यहाँ एक हिंदू युवती ने जुबैर अंसारी और उसके परिवार के कई सदस्यों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, जुबैर ने अपनी पहचान छिपाकर पहले दोस्ती की और फिर शादी का झाँसा देकर उसके साथ संबंध बनाए।

युवती का आरोप है कि इस दौरान उसकी वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया गया और आर्थिक शोषण भी किया गया। शिकायत में कहा गया है कि बाद में उस पर धर्म परिवर्तन करने, कलमा पढ़ने और नमाज अदा करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में सामने आए आरोपों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।