संत की हत्या मामले में उन्नाव प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, अतीक का घर ढहाया: अजान के वक्त भजन बजाने पर इस्लामी कट्टरपंथियों ने चाकू से गोदकर ली थी पुजारी की जान

उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के बांगरमऊ इलाके में मस्जिद के पास मंदिर बना रहे 45 वर्षीय संत मिलन दास की दिनदहाड़े चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, अजान के समय लाउडस्पीकर पर भजन बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, मुख्य आरोपित सभासद अतीक के घर पर प्रशासन का बुलडोजर भी चला है, जिसके अहाते में यह हत्या हुई थी। यह खौफनाक वारदात मंगलवार (9 जून) दोपहर को हुई। संत मिलन दास अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित सभासद अतीक के अहाते में बैठे थे।

जैसे ही वह वहाँ से उठकर जाने लगे, हमलावरों ने उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने आसपास के लोगों को भी चाकू दिखाकर डराया और वहाँ से भाग निकले। संत को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भजन बजाने और मंदिर निर्माण से थी खुन्नस

संत मिलन दास के परिजनों के मुताबिक, वह मुस्लिम बहुल इलाके में अपनी ही जमीन पर मंदिर का निर्माण करवा रहे थे। मंदिर से थोड़ी ही दूरी पर एक मस्जिद भी है। आरोपित संत द्वारा मंदिर बनवाने और वहाँ भजन बजाने से काफी समय से खुन्नस खाए हुए थे। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी साल 2013 और 2023 में संत मिलन दास पर हमले हो चुके थे।

वारदात के बाद आक्रोशित लोगों ने बांगरमऊ-हरदोई मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने भारी बल तैनात किया। पुलिस ने इसराइल, लल्ली, यामीन, शानू और शफी समेत 8 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य आरोपित अतीक के घर पर बुलडोजर एक्शन भी लिया है।