‘ईरान नहीं बनाएगा न्यूक्लियर हथियार’: ट्रंप ने नए समझौते की दी जानकारी, फ्रांस में G-7 समिट में कहा- अब अगला फोकस यूक्रेन

अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता पर चर्चा लगभग पूरे होने के दौर में है। इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान अब कभी भी न्यूक्लियर हथियार नहीं बनाएगा, वह अमेरिका की शर्त को मान गया है। ट्रंप ने ईऱान के साथ एक नए समझौते पर भी हस्ताक्षर किए हैं।

यह जानकारी ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर दी। ट्रंप ने लिखा, “ईरान कभी भी न्यूक्लियर हथियार न बनाने पर सहमत हो गया है।”

इसके अलावा ट्रंप ने उन खबरों को भी पूरी तरह गलत बताया जिनमें कहा गया था कि अमेरिका इस शांति समझौते के बदले ईरान को 300 मिलियन डॉलर देगा। ट्रंप ने कहा, “यह खबर कि अमेरिका ईरान को 300 मिलियन डॉलर दे रहा है, एक झूठी खबर है जिसे डेमोक्रेट्स (अमेरिका की विपक्षी पार्टी) ने फैलाया है।”

ट्रंप का अगला फोकस रूस-यूक्रेन युद्ध

इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस के इवियान में चल रहे G-7 समिट में राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से मुलाकात की। इस दौरान ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ मामला निपट गया है, तो अब यूक्रेन पर फोकस होगा।

ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच मध्यस्थता का हाथ बढ़ाते हुए कहा, “कल राष्ट्रपति जेलेंस्की और राष्ट्रपति पुतिन के साथ हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई और मुझे लगता है कि शायद हम वहाँ कुछ कर सकते हैं। मुझे सच में ऐसा लगता है। मुझे लगता है कि वे दोनों इसके लिए तैयार हैं।”