गुजरात के राजकोट में एक विवाहित हिन्दू महिला को अफजल सिदा ने सोशल मीडिया के जरिए प्रेमजाल में फँसाया और फिर उससे दुष्कर्म किया। महिला पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और ब्लैकमेल करने लगा। इससे तंग आकर हिन्दू महिला ने अपनी जीवनलीला खत्म करने की कोशिश की।
पीड़िता का कहना है कि लगातार मानसिक उत्पीड़न और धमकियों से परेशान होकर उसने तेजाब पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालाँकि समय रहते उसके पति ने उसे अस्पताल पहुँचाया, जिससे उसकी जान बच गई। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, पहचान छिपाने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक करीब एक साल पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम जिद्दी बॉय बताया था। बाद में उसे पता चला कि युवक का असली नाम अफजल सिदा है।
महिला का आरोप है कि मोरबी की रहने वाली अनीशा कश्मीरी ने दोनों की पहचान कराने में अहम भूमिका निभाई थी। पीड़िता का कहना है कि जब उसे अफजल की असली पहचान का पता चला तो उसने दूरी बनाने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद उस पर लगातार दबाव बनाया जाने लगा, ताकि वो अपनी शादी शुदा जिंदगी को पीछे छोड़ धर्मांतरण कर आरोपित के साथ रहे।
महिला ने आरोप लगाया कि उसे अलग-अलग दरगाहों पर ले जाया गया, जहाँ कुछ मजहबी रस्में कराई गईं और उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला गया। साथ ही उसे अपनी शादी तोड़कर अफजल के साथ जाने के लिए भी कहा जाता था। पीड़िता के अनुसार इन घटनाओं के कारण वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगी।
दुष्कर्म, ब्लैकमेल और आत्महत्या की कोशिश का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि एक बार अनीशा उसे गोंडल रोड स्थित एक होटल में ले गई, जहाँ अफजल पहले से मौजूद था। महिला का कहना है कि वहाँ उसकी इच्छा के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म किया गया और इस दौरान उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो भी बना लिए गए।
महिला के मुताबिक जब उसने अफजल से सभी संबंध खत्म करने का फैसला किया तो आरोपित ने उन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसने घर में तेजाब पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन उसके पति ने समय रहते उसे बचा लिया।
पीड़िता और उसके परिवार ने आरोपित अफजल सिदा तथा उसकी सहयोगी अनीशा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में FIR दर्ज कर जाँच की जा रही है और सभी आरोपों की पड़ताल की जाएगी।

