अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सेवा भारती की बड़ी पहल, 301 नए सेवा प्रकल्पों का वर्चुअल लोकार्पण: 5000+ लोगों को मिलेगा लाभ

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली में सेवा भारती ने राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों और सेवा बस्तियों में 301 नए सेवा प्रकल्पों का एक साथ वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अभियान के माध्यम से हजारों लोगों तक सामाजिक, शैक्षणिक और आत्मनिर्भरता से जुड़ी गतिविधियों को पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है।

रविवार (21 जून 2026) की शाम को आयोजित इस कार्यक्रम में दिल्ली के अलग-अलग जिलों और विभागों से जुड़े कार्यकर्ता, शिक्षिकाएँ, स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिक डिजिटल माध्यम से शामिल हुए। इन नए प्रकल्पों के तहत संस्कार केंद्र, स्वयं सहायता समूह, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र और स्वावलंबन से जुड़े केंद्र शुरू किए गए हैं।

इनका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, बच्चों में सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना, युवाओं के व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना और समाज के वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करना है। सेवा भारती के अनुसार, इन परियोजनाओं से 5,000 से अधिक लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलने की उम्मीद है।

संगठन का कहना है कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की भावना से भी जुड़ा हुआ है और इन्हीं मूल्यों को सेवा कार्यों के माध्यम से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने भी सेवा गतिविधियों को समाज परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया।

वक्ताओं ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सहयोग पहुँचाने के लिए ऐसे प्रयासों का विस्तार जरूरी है।