मारा-पीटा, चाकू से हमला किया, गर्भाशय निकाला: गुजरात में फंदे से लटकी मिली असलम के साथ लिव-इन में रह रही AAP नेता, परिवार ने कहा- ये सुसाइड नहीं, हत्या है

गुजरात के राजकोट में आम आदमी पार्टी की 23 साल की नेता नंदनी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में विवाद बढ़ गया है। जेतपुर नवागढ़ नगरपालिका की पूर्व उम्मीदवार नंदनी का शव राजकोट के गोंडल चौकड़ी के पास एक फ्लैट में लटका मिला।

उनके परिवार का आरोप है कि ये आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है और इसके पीछे नंदनी के लिव-इन पार्टनर असलम हुसैन समा का हाथ है।

खबरों के मुताबिक, परिवार ने बताया है कि नंदनी मौत से एक दिन पहले जांगलेश्वर इलाके में असलम की मौसी के घर गई थी, जहाँ उसे इतना पीटा गया था कि उसके शरीर पर चोट बन गए थे।

इस क्रूरता का शिकार होने के बाद नंदनी ने अपनी छोटी बहन को संदेश भेजा था, जिसमें उसने बताया था कि उसकी फिर पिटाई हुई है इसलिए अब वह अलग रहकर एक नई जिंदगी शुरू करेगी। इसके अलावा उसने सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें लिखा था, “पापा, मैं जिंदगी की जंग हार गई हूँ।”

परिवार ये मैसेज-पोस्ट देख घबरा गया। पिता ने तुरंत राजकोट में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को जाँच के लिए भेजा। जब रिश्तेदार वावड़ी रोड स्थित अगम रेजीडेंसी में नंदनी के फ्लैट पर पहुँचे, तो दरवाजा अंदर से बंद था। संदेह होने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर जाकर देखा तो नंदनी का शव फंदे से लटका हुआ मिला।

नंदनी ने क्या-क्या सहा

नंदनी की मौत के बाद परिवार सदमे में है। उन्होंने असलम पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि वह शराब का कारोबार करता है और कई गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल है।उसका निकाह पहले ही हो चुका था। एक बच्चा होने के बावजूद उसने मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर काम करने वाली नंदनी को फँसाया। फिर अपने साथ जूनागढ़ के PG से राजकोट लेकर आ गया आया। फिर यहाँ मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ना देने लगा।

मृतका की बहन और पिता के अनुसार, असलम का परिवार भी इस उत्पीड़न में शामिल था। वह लोग एक बार नंदनी पर चाकू से भी जानलेवा हमला कर चुके थे, जिसके बाद असलम की बीवी, सास और ससुर समेत पाँच लोगों के खिलाफ जूनागढ़ सी डिवीजन पुलिस स्टेशन में केस भी दर्ज हुआ था।

जानकारी ये भी है कि नंदनी और असलम के बीच काफी समय से झगड़ा चल रहा था क्योंकि असलम की माँ और बहन उसे बार-बार उसकी बीवी के पास रहने को बुलाती थीं। जब नंदनी ने इस पर बात की तो असलम ने उसे जमकर पीटा।

इतना ही नहीं, रिपोर्टों में मृतक के परिजनों के हवाले से ये भी कहा जा रहा है कि कि नंदनी जब असलम के साथ रहने गई थी तो असलम ने उससे कहा था कि वो बच्चा नहीं चाहता है, इसलिए उसने उसका ऑपरेशन करवाकर गर्भाश्य भी निकलवा दिया था ताकि कभी बच्चा न हो सके।

पुलिस जाँच में जुटी

AAP नेता का शव मिलने के बाद से मुख्य आरोपित असलम हुसैन समा फरार है। उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी