‘तेज प्रताप रात में मेरी बहन से मिलने के लिए जबरन घर में घुसे’: पूर्व RJD नेता का लालू के बेटे पर आरोप, FIR दर्ज

लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। तेज प्रताप यादव ने कुछ समय पहले अपने PA मोती लाल राय पर 20 लाख रुपए और iphone चोरी करने का आरोप लगाया था। लेकिन अब खुलासा हुआ है कि इस शिकायत से ठीक पहले उन दोनों के खिलाफ पटना में एक FIR दर्ज हो चुकी है।

यह मामला एक पूर्व RJD नेता के घर में जबरन घुसकर उनकी बहन से मिलने की जिद करने और परिवार को धमकाने से जुड़ा है। इस नए विवाद के बाद तेज प्रताप ने अपने PA को नौकरी से हटा दिया है। पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, 6 जून की रात तेज प्रताप यादव और उनका PA जबरन पूर्व आरजेडी नेता आकाश गौरव के घर में घुस गए थे। उस समय आकाश घर पर नहीं थे।

तेज प्रताप ने आकाश की बहन से मिलने की जिद की। परिवार के मना करने पर वह वॉशरुम जाने के बहाने अंदर आ गए और वहाँ से जाने से मना कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस घटना के बाद उन्हें मामला दबाने के लिए लगातार धमकी भरे फोन आए। एक कॉलर ने खुद को ‘लॉरेंस बिश्नोई गैंग’ का सदस्य भी बताया। परिवार ने पुलिस को सबूत के तौर पर CCTV फुटेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग दी है।

इस FIR के सामने आने के बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी सफाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इन सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा और छवि खराब करने की साजिश बताया है। विवाद बढ़ता देख उन्होंने अपने PA मोती लाल राय को पद से हटा दिया है।

दरअसल, तेज प्रताप ने पिछले साल आकाश की बहन के साथ सोशल मीडिया पर फोटो डाला था। फोटो के साथ दावा किया था कि वे दोनों 12 साल से रिश्ते में हैं। हालाँकि, बाद में उन्होंने पोस्ट हटा दी थी। फिलहाल पटना पुलिस चोरी और घर में घुसकर धमकी देने के, दोनों मामलों की गहराई से जाँच कर रही है।