दिल्ली लाल किला ब्लास्ट: NIA की सप्लीमेंट्री चार्जशीट में मुजफ्फर अहमद, जमीर अहमद अहंगर और तुफैल अहमद भट के नाम जुड़े

राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) ने दिल्ली के लाल किला इलाके में पिछले वर्ष हुए कार बम धमाके की जाँच में बड़ा कदम उठाते हुए तीन और आरोपितों के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। इस सूची में जम्मू-कश्मीर के रहने वाले मुजफ्फर अहमद, जमीर अहमद अहंगर और तुफैल अहमद भट के नाम शामिल किए गए हैं।

एजेंसी के अनुसार, इनमें से मुजफ्फर फिलहाल फरार है और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया जा चुका है। इस नई कार्रवाई के बाद मामले में चार्जशीट किए गए आरोपितों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। फरार मुजफ्फर अहमद आरोपित डॉ अदील अहमद राथर का बड़ा भाई है।

जाँच में आतंकी मॉड्यूल और साजिश के दावे

NIA के मुताबिक, जून 2022 में श्रीनगर के ईदगाह इलाके में हुई एक गुप्त बैठक में AGuH Interim नाम के आतंकी मॉड्यूल की नींव रखी गई थी। इस बैठक में मुजफ्फर भी शामिल था। मुजफ्फर अल-फलाह यूनिवर्सिटी, फरीदाबाद में चल रही एक सीक्रेट IED बनाने वाली जगह से भी जुड़ा हुआ था।

यहाँ आतंकी उमर और मुजम्मिल की मदद से TATP आधारित विस्फोटक तैयार करने, उसकी टेस्टिंग करने और उसे सुरक्षित रखने का काम किया जा रहा था। आरोपित जमीर अहमद को NIA ने AGuH Interim का ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) बताया है। वह आतंकी मॉड्यूल के हैंडलर्स के संपर्क में था और हथियार, गोला-बारूद पहुँचाने का काम करता था।

NIA के मुताबिक, तीसरा आरोपित तुफैल अहमद भट वह पहले प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा यानी LeT से जुड़ा OGW रह चुका है। जाँच के दौरान फॉरेंसिक विश्लेषण, लोकेशन मैपिंग और आर्थिक लेन-देन की पड़ताल को आधार बनाया गया है। NIA का कहना है कि मामले की जाँच अभी जारी है और आगे भी नए तथ्य सामने आने की संभावना है।