दिल्ली-उत्तराखंड में खालिस्तानी आतंकी हमले के इनपुट के बाद हाई अलर्ट, निशाने पर मंदिर-रेलवे स्टेशन: संवेदनशील स्थानों पर कड़ी सुरक्षा

दिल्ली और उत्तराखंड में संभावित खालिस्तानी आतंकी खतरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियाँ हाई अलर्ट पर आ गई हैं। खुफिया सूत्रों से मिले इनपुट और एक धमकी भरे ई-मेल के बाद दोनों राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अलर्ट में आशंका जताई गई है कि आने वाले दिनों में कुछ संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने की कोशिश की जा सकती है।

इसके बाद दिल्ली पुलिस, उत्तराखंड पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने संयुक्त रूप से निगरानी बढ़ा दी है और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संभावित निशानों में मंदिर, सरकारी कार्यालय, रेलवे स्टेशन और पुलिस से जुड़े प्रतिष्ठान शामिल बताए गए हैं।

इसके मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जा रहे हैं और निगरानी तंत्र को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही एजेंसियाँ धमकी वाले ई-मेल की सत्यता और उसके स्रोत की जाँच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हालाँकि एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियाँ स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।