राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: टिन्नू यादव समेत आठों आरोपितों के घर एक साथ पुलिस ने मारा छापा, संपत्ति के कागजात और बैंक खातों की ली जानकारी

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जाँच लगातार तेज होती जा रही है। रविवार (28 जून 2026) की सुबह करीब 7 बजे पुलिस ने जेल में बंद आठ आरोपितों के घरों पर एक साथ छापेमारी की। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने एक ही समय पर कई ठिकानों पर पहुँच कर जाँच शुरू की।

कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपितों के घर बंद मिले, जबकि कई जगह परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जाँच के दौरान मुख्य आरोपित रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव के घर पर शुरुआत में ताला लगा मिला। बाद में उनकी माँ मौके पर पहुंचीं और घर खोला गया, जिसके बाद पुलिस ने अंदर जाँच की।

इसी तरह आरोपित मनीष यादव और सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर भी बंद पाए गए। अन्य आरोपितों के घरों पर भी टीमों ने तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने इस दौरान सिर्फ घरों की तलाशी ही नहीं ली, बल्कि आरोपितों की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी भी जुटाई।

जाँच में राजस्व विभाग के अधिकारियों और लेखपालों को भी शामिल किया गया, ताकि संपत्ति और आय के स्रोतों की जाँच की जा सके। कई परिजनों के बयान दर्ज किए गए और स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली गई। पुलिस वित्तीय रिकॉर्ड और बैंकिंग ट्रांजैक्शन की भी पड़ताल कर रही है।