‘ईसाई बन जाओ… हर बीमारी का होगा इलाज, पैसा-खाना सब मिलेगा’: नेपाल के मिशनरी बिहार में महादलित समाज का कर रहे थे धर्मांतरण के लिए ब्रेनवॉश, 4 गिरफ्तार

बिहार के सुपौल में नेपाल की मिशनरी द्वारा महादलित समाज को लालच देकर ईसाई बनाने का प्रयास हो रहा था। मिशनरी ने ग्रामीणों को बेहतर भोजन, मुफ्त शिक्षा और बीमारी से मुक्ति जैसे वादों के जरिए ईसाई बनने के लिए ब्रेनवॉश किया। लेकिन जागरूक ग्रामीणों ने मिशनरी को पुलिस के हवाले कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मिशनरी के चार लोग नेपाल के भंटाबारी से होते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भीमनगर पहुँची थी और वहाँ से टेम्पो लेकर बनैलीपट्टी की महादलित बस्ती पहुँची। यहाँ किशुनदेव राम नाम के व्यक्ति के घर पर बैठक की जा रही थी, जहाँ लगभग 30 से 40 लोग मौजूद थे। यहीं मिशनरी ग्रामीणों को पैसों का, बीमारी ठीक करने का और अच्छा भोजन देने का लालच देकर ईसाई बनने के लिए ब्रेनवॉश कर रही थी।

लेकिन सूचना पर अन्य ग्रामीण मौके पर पहुँचे और विरोध जताया। पुलिस को भी जानकारी दी गई, जिसके बाद मिशनरी के चारों लोगों को पुलिस अपने साथ वीरपुर थाने पूछताछ के लिए ले आई। वहीं ग्रामीणों की शिकायत पर चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपितों की पहचान रामानंद साह तेली, मंगल देवी विश्वकर्मा, उर्मिला देवी यादव और हंसा देवी चौधरी के रूप में की है।