अमरनाथ यात्रा से पहले कठुआ में ISI से जुड़ा हाजी लतीफ गिरफ्तार, जैश-लश्कर के आतंकियों को भारत में छिपाने का करता था काम

अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हो रही है, उससे ठीक पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कठुआ से हाजी लतीफ नाम के एक बड़े आतंकी मददगार को गिरफ्तार किया है।

वह लंबे समय से पाकिस्तान के आतंकी संगठनों के संपर्क में था। सुरक्षा एजेंसियाँ यात्रा को देखते हुए पूरी तरह अलर्ट पर हैं। हाजी लतीफ पर आरोप है कि वह पिछले दो दशकों से जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के लिए काम कर रहा था।

उसने करीब 12 से ज्यादा पाकिस्तानी आतंकवादियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ कराई थी। जाँच में सामने आया है कि वह घुसपैठ के लिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के अफसरों से भी सीधे जुड़ा हुआ था। वह आतंकियों को छिपने के ठिकाने और गाड़ियाँ मुहैया कराता था।

गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियाँ उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही हैं। पुलिस उसके पूरे नेटवर्क और मददगारों का पता लगाने में जुटी है। अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के लिए पूरे जम्मू-कश्मीर में अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर मॉक ड्रिल की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित रहे।