खुद को एंटी ड्रग्स संगठन का ‘प्रदेश अध्यक्ष’ बताने वाला सेबेस्टियन निकला ड्रग्स आरोपित, घर से MDMA बरामद: केरल पुलिस ने किया गिरफ्तार

केरल के पतनमतिट्टा जिले में पुलिस ने शार्फिन सेबेस्टियन नाम के 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से 1.590 ग्राम खतरनाक एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स बरामद किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपित खुद को एक एंटी-ड्रग्स संगठन का प्रदेश अध्यक्ष बताता था।

पुलिस को उसके घर से ‘एंटी ड्रग्स मूवमेंट इन नेशन’ का एक फर्जी पहचान पत्र भी मिला है। यह कार्रवाई जिला पुलिस और डैनसाफ (DANSAF) की टीम ने संयुक्त रूप से की है। प्रशासन द्वारा जिले में ड्रग रैकेट को खत्म करने के लिए ‘ऑपरेशन तूफान’ चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपित के घर पर छापा मारा। पुलिस को घर से ड्रग्स के अलावा नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले ग्लास ब्लोअर और पाइप भी मिले हैं। जाँच में सामने आया है कि आरोपित शार्फिन पर पहले से भी ड्रग्स और अन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं। आरोपित को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जाँच कर रही है।