गुजरात ATS ने आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। ATS ने मध्य प्रदेश और गुजरात में शुक्रवार (3 जुलाई 2026) को एक जॉइंट ऑपरेशन में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े 8 लोगों को गिरफ्तार किया। जाँच एजेंसियों के अनुसार, ये सभी लोग गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद के नेटवर्क को सक्रिय करने के लिए काम कर रहे थे।
इस बारे में जानकारी मिलने के बाद, गुजरात ATS ने अलग-अलग टीमें बनाईं और बनासकांठा, पाटन, नवसारी व मध्य प्रदेश के देवास से कुल 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, ATS सभी आरोपितों से सख्ती से पूछताछ कर रही है और उनसे आतंकवादी नेटवर्क, संपर्कों और संभावित साजिश के बारे में जानकारी जुटा रही है।
गुजरात ATS द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपितों में अहमद अब्दुल्ला घाजीवाला, इब्राहिम मोहम्मद हुसैन घाघा, मुदस्सिर अब्दुल्ला घाजीवाला, जकारिया दुर्रानी, मुफ्ती फौजान, मोहम्मद अमीन शेरा, मोहम्मद अब्दुल रहमान सावदी और बिलाल मोहम्मद शामिल हैं।
गुजरात ATS ने कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ सभी आरोपितों से सख्ती से पूछताछ की है। जाँच में उन सभी मुद्दों पर पड़ताल की जा रही है कि वे गुजरात में किन लोगों के संपर्क में थे, संगठन को सक्रिय करने के लिए किस तरह की गतिविधियाँ कर रहे थे, क्या कोई मॉड्यूल तैयार किया जा रहा था या नहीं और क्या उनके पीछे कोई अन्य आतंकवादी नेटवर्क काम कर रहा था।
गौरतलब है कि यह कार्रवाई गुजरात की मशहूर भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा से ठीक 13 दिन पहले की गई है। सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह समय बहुत संवेदनशील माना जाता है।

