बिहार के मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया के जरिए जान-पहचान कर एक 21 वर्षीय हिंदू युवती से धोखाधड़ी और ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सकरा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती को मोहम्मद अरमान नामक युवक ने खुद को भारतीय सेना का जवान बताकर प्रेम जाल में फँसाया था।
शादी का वादा कर उसने कई किस्तों में युवती से रुपए लिए। बाद में पता चला कि आरोपित का पहले से निकाह हो चुका है और वह साइकिल की दुकान पर पंचर बनाने का काम करता है। युवती की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
फेसबुक से हुई दोस्ती, सेना की वर्दी और हथियार दिखाकर जीता भरोसा
पीड़िता के अनुसार, जनवरी 2026 में फेसबुक पर मोहम्मद अरमान की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। पुलिस जाँच में सामने आया कि युवती का विश्वास जीतने के लिए आरोपित ने पूरी योजना के साथ खुद को सेना का जवान साबित करने की कोशिश की।
पहली मुलाकात से पहले उसने सेना के जवानों जैसी हेयरकट कराई और कमांडो ड्रेस पहनकर युवती से मिला। इतना ही नहीं वीडियो कॉल के दौरान वह वर्दी और हथियार भी दिखाता था। कभी खुद को पाकिस्तान सीमा पर तैनात बताता तो कभी आतंकियों के कब्जे में होने का दावा कर पैसों की जरूरत बताता। इन बहानों के जरिए उसने अलग-अलग समय पर युवती से कई किस्तों में रुपए मँगवाए।
सच्चाई खुलने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी
कुछ समय बाद युवती को जानकारी मिली कि मोहम्मद अरमान का पहले से निकाह हो चुका है। इसके बाद वह अपनी माँ और चाचा के साथ आरोपित के घर पहुँची और विरोध जताया। आरोप है कि वहाँ आरोपित और उसके परिजनों ने उनके साथ मारपीट की, जातिसूचक शब्द कहे और हथियार दिखाकर जान से मारने और वहीं दफना देने की धमकी दी।
इस दौरान युवती ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद माँगी। शिकायत के साथ पीड़िता ने पुलिस को आरोपित की वर्दी और हथियार वाली तस्वीरें, व्हाट्सएप वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी सौंपे हैं। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की जाँच कर आरोपित और मामले में नामजद अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

