अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यदि ईरान उन्हें मारने की अपनी कथित साजिश में सफल होता है तो तेहरान को बेहद विनाशकारी जवाब दिया जाएगा। ‘द न्यूयॉर्क पोस्ट’ से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वह अपने अधिकारियों के लिए स्पष्ट निर्देश छोड़ चुके हैं कि यदि उनके साथ कुछ होता है तो ईरान पर इतने बड़े स्तर पर बमबारी की जाए, जैसी उसने पहले कभी नहीं देखी होगी।
ट्रंप की ईरान को खुली चेतावनी
ट्रंप ने कहा, “मैं लंबे समय से उनकी ‘हिट लिस्ट’ में हूँ। हम इसी स्थिति से निपट रहे हैं। मैंने निर्देश छोड़ दिए हैं कि अगर मेरे साथ कुछ भी होता है तो उन पर सचमुच ऐसे स्तर पर बमबारी की जाए, जैसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा होगा।”
हाल में सामने आई उन रिपोर्टों के बारे में पूछे जाने पर, जिनमें कहा गया था कि इजरायल ने इस सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति की हत्या की कथित साजिश से जुड़ी खुफिया जानकारी अमेरिका को दी है ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान की ओर से कोई नई साजिश सामने नहीं आई है। हालाँकि, उन्होंने कहा कि तेहरान कई वर्षों से उन्हें मारना चाहता है।
इसी बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि आप मुझे याद करेंगे।” उनकी इस टिप्पणी को इस तरह देखा जा रहा है कि वह मानते हैं कि ईरान उन्हें निशाना बनाने की कोशिशें बंद नहीं करेगा।
सुलेमानी की मौत के बाद से निशाने पर ट्रंप
ईरान 2020 से खुले तौर पर ट्रंप की हत्या की बात करता रहा है। 2020 में ही ट्रंप के निर्देश पर अमेरिकी हमले में ईरानी सैन्य अधिकारी और कुद्स फोर्स के कमांडर कासिम सुलेमानी मारे गए थे। सुलेमानी की मौत के बाद से ईरानी अधिकारी और ईरान समर्थक समूह कई बार ट्रंप से बदला लेने की धमकी दे चुके हैं।
इसके अलावा ट्रंप की हत्या की कई कथित साजिशें विफल की जा चुकी हैं। ये मामले उस घटना के बाद अधिक गंभीर माने जाने लगे जब 13 जुलाई 2024 को पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक राजनीतिक रैली के दौरान एक हमलावर की गोली ट्रंप के कान को छूते हुए निकल गई थी।
इस सप्ताह अमेरिका और ईरान के बीच तनाव सार्वजनिक रूप से और अधिक बढ़ गया। मारे गए ईरानी सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान ईरानी प्रदर्शनकारियों ने ट्रंप की हत्या की माँग करने वाले विशाल बैनर लहराए।

