उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन जौहर यूनिवर्सिटी को ध्वस्त करने के आदेश के विरोध में किया जा रहा था। प्रदर्शन का एक वीडियो सामने आ रहा है, जिसमें थानाअध्यक्ष (SHO) के हाथ में पिस्तौल दिखाई दे रही है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए सपाइयों ने यूपी पुलिस की प्रदर्शनकारियों पर बर्बरता का राग अलापा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस वीडियो को अपने एक्स अकाउंट से शेयर किया। उन्होंने लिखा, “पिस्तौल निकालने वाले ये भूल गए कि अगर उनकी पढ़ाई बीच में रुक जाती, तो ये पुलिस की नौकरी इनके हाथ न आती। विश्वविद्यालय हमेशा आक्रांताओं ने तोड़े हैं, और कुछ नहीं कहना है।”
पिस्तौल निकालनेवाले ये भूल गये कि अगर उनकी पढ़ाई बीच में रुक जाती, तो ये पुलिस की नौकरी इनके हाथ न आती।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) July 24, 2026
विश्वविद्यालय हमेशा आक्रांताओं ने तोड़े हैं, और कुछ नहीं कहना है।#जौहर_यूनिवर्सिटी_रामपुर_उप्र pic.twitter.com/QpbYbsa4vM
हैरानी की बात यह है कि सपाई जिस वीडियो के हवाले से यूपी पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं, वह अधूरी वीडियो है। वीडियो में पुलिस अधिकारी के हाथ में पिस्तौल की वजह क्या है, यह भी जानने की कोशिश नहीं की गई, केवल अधूरी वीडियो के साथ एक नैरेटिव गढ़ा गया और उसे ही आगे हवा दी गई। लेकिन हम आपको इस वीडियो की पूरी सच्चाई बताएँगे।
क्या है पिस्तौल तानने की पूरी सच्चाई?
दरअसल, उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने 15 जुलाई को रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की 38 इमारतों को ध्वस्त करने का आदेश दिया, इन इमारतों को बिना अनुमति के बनाया गया था।
इसी आदेश के विरोध में शुक्रवार (24 जुलाई 2026) को अलीगढ़ कलेक्ट्रेट पर सपा कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार और रामपुर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट के बाहर पीएम मोदी का पुतला जलाने की कोशिश की गई।
अलीगढ़ पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पुतला दहन से रोकने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों द्वारा अभद्रता की गई। इस प्रकरण का पूरा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ सपा कार्यकर्ता SHO को धक्का देते नजर आ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के तस्वीर महल चौराहे पर सपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान भारी हंगामा। पुलिस अधिकारी द्वारा पिस्टल निकालने पर स्थिति बेहद तनावपूर्ण।#viralpost @myogiadityanath @rangealigarh @aligarhpolice @Dm_Aligarh pic.twitter.com/7EypVyiKkr
— Karan chauhan (Reporter) (@chauhan_ka20853) July 25, 2026
वीडियो में दिख रहा है कि सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ ने पुलिस अधिकारियों को घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी। तभी सिविल लाइन थाने के SHO सतवीर सिंह ने भीड़ को काबू करने के लिए सर्विस पिस्टल से डराने की कोशिश की।
पुलिस ने इस संबंध में कुछ नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया है। इस मामले में गोपाल नाम के एक सपा कार्यकर्ता को पुलिस गिरफ्तार भी कर चुकी है।

