CJP प्रदर्शन की आड़ में जिन तिलचट्टों ने PM मोदी को बकी गाली, उन पर दिल्ली पुलिस ने कसा शिकंजा: X यूजर्स और न्यूज पोर्टल्स को भेजे नोटिस, अभद्र पोस्ट और Video हटाने को कहा

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन और संसद चलो मार्च में जितने छात्रों और छात्र के रूप में आए उपद्रवियों ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जिस तरह की टिप्पणी और नारे लगाए थे, उन पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। सोशल मीडिया पर तिलचट्टों ने आपत्तिजनक और अभद्र पोस्ट साझा किए थे। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) के कई यूजर्स और कुछ न्यूज पोर्टलों को नोटिस जारी कर पोस्ट से जुड़ी जानकारी माँगी है।

इसके साथ ही मामले में FIR भी दर्ज की गई है। दिल्ली पुलिस ने X से विवादित पोस्ट और वीडियो तुरंत हटाने और संबंधित अकाउंट यूजर की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जाँच जारी है और जाँच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रदर्शन के बाद शुरू हुई कार्रवाई

दिल्ली पुलिस की यह कार्रवाई कथित NEET पेपर लीक को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन खत्म होने के कुछ दिन बाद शुरू हुई है। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान और उसके बाद सोशल मीडिया पर डाली गई सामग्री की समीक्षा की।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कई X अकाउंट धारकों और कुछ न्यूज पोर्टलों को नोटिस भेजे गए हैं। ये सभी प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया पर सक्रिय थे। पुलिस अब इन पोस्ट से जुड़ी जानकारी और अकाउंट का विवरण जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में पीएम मोदी और सुरक्षा बलों के सदस्यों के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इन्हीं पोस्टों को जाँच का आधार बनाया गया है।

नोटिस पाने वालों में एक महिला भी शामिल है। आरोप है कि उसके पोस्ट में पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियाँ की गई थीं। पुलिस ने उससे भी संबंधित जानकारी माँगी है।

पोस्ट, वीडियो और कमेंट की हो रही जाँच

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान और उसके बाद सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्ट, वीडियो और कमेंट की विस्तार से जाँच की है। अधिकारियों का कहना है कि यह देखा जा रहा है कि कहीं किसी सामग्री से कानून का उल्लंघन या सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित तो नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि जाँच अभी जारी है। जाँच में जो भी तथ्य सामने आएँगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने दावा किया था कि उसने 400 से अधिक ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान की है, जिनका संबंध कथित रूप से पाकिस्तान से था। पुलिस के मुताबिक ये अकाउंट छात्र आंदोलन से जुड़ी फर्जी खबरें, अफवाहें और डीपफेक वीडियो फैलाने का काम कर रहे थे। इनकी गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

X से पोस्ट और वीडियो हटाने को कहा गया

दो दिन पहले दिल्ली पुलिस ने कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को निर्देश दिया था कि पीएम मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियों वाले पोस्ट और वीडियो हटाए जाएँ। पुलिस का कहना है कि यह सामग्री जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन और 20 जुलाई को आयोजित ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुई हिंसा के समय सोशल मीडिया पर अपलोड की गई थी। इसी सामग्री को लेकर अब आगे की जाँच चल रही है।

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की है। शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को निशाना बनाते हुए कथित रूप से अपमानजनक, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित की जा रही है।

FIR के बाद पुलिस ने X से कहा है कि संबंधित पोस्ट और वीडियो तुरंत प्लेटफॉर्म से हटाए जाएँ। साथ ही जिन अकाउंट से यह सामग्री पोस्ट की गई, उनके मालिक का पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

लॉगिन-लॉगआउट रिकॉर्ड भी माँगा

दिल्ली पुलिस ने X से सिर्फ अकाउंट धारकों की पहचान ही नहीं माँगी है, बल्कि तकनीकी जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा है। पुलिस ने संबंधित अकाउंट का लॉगिन और लॉगआउट रिकॉर्ड भी माँगा है। इसमें समय और तारीख की पूरी जानकारी देने के लिए कहा गया है। अधिकारियों का कहना है कि इन जानकारियों के आधार पर पोस्ट करने वाले लोगों की पहचान और मामले की जाँच को आगे बढ़ाया जाएगा।