110 किलो गाँजा ले जा रहे 22 बौद्ध भिक्षु एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, थाईलैंड से लौटते वक्त श्रीलंकाई कस्टम ने पकड़ा: मोबाइल में मिलीं ‘मस्ती करते’ हुए तस्वीरें

श्रीलंका में एक चौंकाने वाले मामले में 22 बौद्ध भिक्षुओं को एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने राजधानी कोलंबो के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके सामान की जाँच के दौरान कुल 110 किलो (करीब 242 पाउंड) गांजा बरामद किया।

कस्टम अधिकारियों का कहना है कि हर भिक्षु के बैग में करीब 5 किलो ‘कुश’ गाँजा छिपाया गया था। इस नशीले पदार्थ को सूटकेस में विशेष रूप से बनाए गए ‘फॉल्स वॉल’ के पीछे छिपाकर रखा गया था ताकि जाँच के दौरान आसानी से पकड़ में न आए।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए ये भिक्षु ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं जो थाईलैंड से लौट रहे थे। उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा चार दिन की पूरी तरह स्पॉन्सर्ड यात्रा पर भेजा गया था। पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड एक 23वाँ भिक्षु है जिसे बाद में कोलंबो के एक उप-नगर से गिरफ्तार किया गया। यह भिक्षु खुद इस यात्रा में शामिल नहीं हुआ था।

पुलिस के अनुसार, इस आरोपित भिक्षु ने बाकी लोगों को बताया था कि उनके बैग में रखे पैकेट ‘दान’ हैं और एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद एक वैन आकर इन्हें ले जाएगी। शुरुआती जाँच में यह भी सामने आया है कि कई भिक्षुओं के मोबाइल फोन में छुट्टियों के दौरान की तस्वीरें और वीडियो मिले हैं जिनमें वे सामान्य कपड़ों में घूमते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं।

भिक्षु के फोन से मिली तस्वीर (साभार: BBC)

बरामद किए गए गाँजे की कीमत करीब 34 लाख डॉलर (करीब 32 करोड़ रुपए) आँकी गई है। सूटकेस में नशीले पदार्थ के अलावा स्कूल से जुड़ी सामग्री और मिठाइयाँ भी रखी गई थीं जिससे अधिकारियों को शक कम हो सके। पुलिस का कहना है कि संभव है कि कुछ भिक्षुओं को इस बात की जानकारी ही न हो कि वे क्या लेकर जा रहे थे।

इन सभी 22 भिक्षुओं को अदालत में पेश किया गया और वहाँ से उन्हें 7 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि यह पहली बार है जब इतने बड़े पैमाने पर भिक्षुओं के एक समूह को हवाई अड्डे के जरिए ड्रग्स की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।