गोवा के नाइटक्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत, राष्ट्रपति-PM ने जताया शोक: जानें कैसे किचन में हुआ ब्लास्ट बना जानलेवा

गोवा के अरपोरा स्थित एक नाइट क्लब में शनिवार (6 दिसंबर 2025) की देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा क्लब में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 25 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें अधिकतर की मौत दम घुटने से हुई है जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। मरने वालों में क्लब के स्टाफ, पर्यटक और कुछ अज्ञात लोग शामिल हैं।

कैसे लगी आग?

रात लगभग 12:04 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पुलिस, दमकल विभाग की टीम और एम्बुलेंस तुरंत पहुँची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में किचन एरिया में एक तेज धमाका हुआ और कुछ ही सेकेंड में लपटों ने पूरे नाइट क्लब को घेर लिया।

शुरूआती जाँच में सिलेंडर ब्लास्ट होने की संभावना जताई गई है। हालाँकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग लगने की असली वजह क्या थी। जब फायर ब्रिगेड के जवान आग बुझाने के बाद अंदर पहुँचे तो वहाँ का दृश्य दिल दहला देने वाला था। कई शव एक-दूसरे के ऊपर पड़े थे और अधिकतर शव किचन और एग्जिट एरिया के पास पड़े हुए थे।

गोवा पुलिस ने बताया कि यह आग Birch by Romeo Lane नाम के नाइट क्लब में लगी थी। पुलिस के अनुसार मृतकों में 14 लोग क्लब के कर्मचारी थे, जबकि 4 की पहचान पर्यटकों के रूप में हुई है और 7 की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम आग के कारणों की जाँच में जुटी है और क्लब प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

घटना पर शोक व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X पर लिखा, “नॉर्थ गोवा जिले में आग लगने की दुखद घटना से बहुत दुख हुआ, जिसमें कई जानें गईं। दुखी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिले। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करती हूँ।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने X पर लिखा, “गोवा के अरपोरा में आग लगने की घटना बहुत दुखद है। मेरी संवेदनाएँ उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएँ। गोवा के CM डॉ प्रमोद सावंत जी से स्थिति के बारे में बात की। राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दे रही है।”

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हादसे को राज्य के पर्यटन इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक बताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने जाँच के आदेश देते हुए कहा कि जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।