हरियाणा में 50 साल पुरानी मस्जिद पर बुलडोजर चल गया है। नगर निगम ने फरीदाबाद में मंगलवार (15 अप्रैल, 2025) को ये कार्रवाई की। निगम कह रहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश से कार्रवाई हुई है, वहीं स्थानीय मुस्लिम मामला विचाराधीन होने की बात कह रहे हैं।
जमाई कॉलोनी में ये कार्रवाई की गई। पुलिस सुरक्षा के बीच निगम की टीम बुलडोजर लेकर पहुँची और मस्जिद को ध्वस्त किया गया। वहाँ स्थित कुछ अन्य अवैध निर्माणों को भी तोड़ा गया। इस दौरान 250 पुलिसकर्मियों की टीम और 3 ACP स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।
बड़खल गाँव में इसके लिए सुबह-सुबह ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पिछले 20-25 वर्षों से मामला अदालतों में चल रहा है। नगर निगम का कहना है कि ये जमीन उसकी है। वहीं स्थानीय निवासी मुस्ताक का कहना है कि पूर्व सरपंच ने मस्जिद के लिए जमीन दी थी।
स्थानीय निवासी अरमान ने बताया कि इलाक़ा खाली करा लिया गया था, मस्जिद के आसपास किसी को नहीं जाने दिया रहा था। नगर निगम के लीगल एडवाइजर सतीश आचार्य का कहना है कि ये ढाँचा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण था। ये एक फॉरेस्ट एरिया है, यहाँ दोबारा जंगल बनेगा।